किसानों की संतुष्टि के अनुरूप नहरों की सफाई और कच्ची नहरों से गाद हटाने के दिए निर्देश

नर्मदापुरम - नर्मदा पुरम जिला कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने शनिवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जल संसाधन विभाग की विभागीय समीक्षा एवं आगामी रबी सिंचाई की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की। बैठक में तवा परियोजना सहित विभिन्न संभागों में नहरों की साफ-सफाई, मरम्मत एवं लाइनिंग कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी रबी सिंचाई के लिए नहरों में जल प्रवाह प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं।

बैठक में अधीक्षण यंत्री तवा परियोजना मंडल नर्मदापुरम श्रीमती प्रतिभा सिंह, कार्यपालन यंत्री संभाग सोहागपुर, कार्यपालन यंत्री संभाग इटारसी  अंकित सर्राफ, कार्यपालन यंत्री संभाग सिवनी मालवा श्रीमती राज्यश्री कटारे सहित अन्य अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कार्यपालन यंत्री अंकित सर्राफ ने कमांड मैप के माध्यम से तवा परियोजना एवं उसकी नहरों में किए जा रहे लाइनिंग कार्यों तथा आगामी रबी सिंचाई से पूर्व प्रस्तावित साफ-सफाई एवं मरम्मत कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी कार्यपालन यंत्रियों को निर्देश दिए कि तवा परियोजना के संपूर्ण नहर तंत्र में जल प्रवाह प्रारंभ होने से पहले नहरों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, कच्ची नहरों के तल में जमा गाद को हटाने का कार्य भी प्राथमिकता से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नहरों की साफ-सफाई एवं मरम्मत इस प्रकार की जाए कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने आगामी रबी सिंचाई के लिए नहरों में जल प्रवाह प्रारंभ करने की संभावित तिथि के संबंध में सभी कार्यपालन यंत्रियों से चर्चा की। उन्होंने सिंचाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा नहर तंत्र की स्थिति का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आगामी सप्ताह में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समिति के सभी सदस्यों को बैठक की सूचना समय पर उपलब्ध कराने के लिए कहा, ताकि आगामी रबी सिंचाई की तैयारियों, नहरों में जल प्रवाह प्रारंभ करने की तिथि एवं सिंचाई व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।

 रिपोर्टर - संतोष सिंह चंदेल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.