गोवर्धन पर्व पर सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने किया गौ-पूजन

किसानों के साथ राज्यस्तरीय पशुपालक सम्मान समारोह से वर्चुअली जुड़े

गौ-सेवा, संवर्धन और पशुपालकों का सम्मान हमारी संस्कृति एवं कृषि परंपरा का अभिन्न अंग – सांसद दर्शन सिंह चौधरी


नर्मदापुरम- गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर गौ-सेवा, संवर्धन और पशुपालकों के सम्मान के उद्देश्य से पशुपालन विभाग द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र, गोविंद नगर स्थित गौशाला में आयोजित गोवर्धन पर्व 2026 कार्यक्रम में होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर सांसद श्री चौधरी ने विधि-विधान से गोवर्धन पूजन एवं गौमाता का पूजन कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने गौमाता के संरक्षण, संवर्धन एवं सेवा को भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताया।

कार्यक्रम के पश्चात सांसद श्री चौधरी कृषि विज्ञान केंद्र, गोविंद नगर में उपस्थित किसानों एवं पशुपालकों के साथ वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के मुख्य आतिथ्य में रविंद्र भवन, भोपाल में आयोजित राज्यस्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह से जुड़े।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गौवंश भारतीय ग्रामीण जीवन और कृषि व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा है। गौ-आधारित प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देकर मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने, कृषि लागत कम करने तथा किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा सकते हैं।

सांसद ने कहा कि पशुपालकों का सम्मान वास्तव में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले कर्मयोगियों का सम्मान है। गौ-संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, कृषि संवर्धन और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था के निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने किसानों एवं पशुपालकों से गौ-सेवा, पशुपालन और प्राकृतिक कृषि को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में न्यास से धर्मेन्द्र गुर्जर, तहसीलदार अंजु राजपूत, भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान के सदस्य नीतिराज सिंह पटेल, पशुपालन विभाग से जगदीश पैठिया, कृषि विज्ञान केंद्र से संजीव गर्ग, भाजपा मंडल अध्यक्ष छोटे साहब पटेल, अनिल बारोलिया, नीरज पलिया, बृजेश कौरव, राजू पररसिया, दुष्यंत विशेन, भागवेन्द कौरव, सत्यनारायण पटेल, विष्णु चौधरी, गोपाल पटेल, रामकुमार पटेल, अरविंद पटेल, रंजीत नागर, हेमंत शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं पशुपालक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संदेश रहा कि गौमाता का संरक्षण, पशुपालकों का सम्मान और किसानों का सशक्तिकरण ही समृद्ध एवं आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की मजबूत नींव है।

रिपोर्ट संतोष सिंह चंदेल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.