मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने गिनाईं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां
नर्मदा पुरम - पिपरियया तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम मटकुली मे मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत पिपरिया विधानसभा क्षेत्र के मटकुली स्थित पंचायत भवन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में होशंगाबाद–नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद श्री चौधरी ने ग्राम पंचायत मटकुली के नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य है कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित हो। जनविश्वास की वास्तविक मजबूती तभी संभव है, जब शासन की योजनाएं जरूरतमंदों तक पहुंचें और प्रत्येक नागरिक को उनका लाभ मिले।
सांसद श्री चौधरी ने कहा कि केंद्र एवं मध्यप्रदेश सरकार जनकल्याण, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही हैं। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और आम नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
सांसद श्री चौधरी ने ग्राम पंचायत मटकुली के ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण कर इसे ग्रामीण विकास एवं स्थानीय प्रशासन को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। ग्राम पंचायत भवन ग्रामीणों के लिए पंचायत संबंधी कार्यों, जनसमस्याओं के निराकरण तथा स्थानीय विकास गतिविधियों के संचालन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इससे ग्रामीणों को पंचायत से संबंधित कार्यों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
विद्यार्थियों को साइकिल एवं स्कूटी वितरित
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को साइकिल एवं स्कूटी वितरित की गईं। इस पहल से विद्यार्थियों को विद्यालय एवं महाविद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा। विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण और शिक्षा को सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष,उपाध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता पटेल,जनपद सदस्य श्रीमती गीता बाई उइके,सरपंच श्रीमती नेहा धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ (आईएएस) जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन,जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने, ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा नागरिकों का शासन के प्रति विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।
रिपोर्टर - संतोष सिंह चंदेल

No Previous Comments found.