कोहरे में जरा सी चूक और जिंदगी पर भारी पड़ सकता है हादसा

 कुछ मिनट की देरी मंजूर, लेकिन जिंदगी से खिलवाड़ नहीं! 

 नारनौल पुलिस अलर्ट, SP दीपक कुमार ने वाहन चालकों को दी सख्त हिदायत..

 

नारनौल- सर्दी ने दस्तक दे दी है और अब कोहरा व धुंध भी सड़कों पर अपना असर दिखाने लगे हैं। ऐसे में वाहन चालकों की जरा सी लापरवाही किसी बड़े सड़क हादसे को न्योता दे सकती है। इसी खतरे को भांपते हुए महेंद्रगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार ने वाहन चालकों से अपील की है कि रफ्तार का रोमांच छोड़ें और सुरक्षित सफर को प्राथमिकता दें।

???????? कोहरे में तेज रफ्तार का शौक पड़ सकता है भारी! 


एसपी दीपक कुमार ने साफ कहा कि कोहरे के दौरान सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो जाती है। ऐसे में तेज रफ्तार, जल्दबाजी में ओवरटेक और अचानक ब्रेक लगाना जानलेवा साबित हो सकता है। वाहन चालक अपनी गति नियंत्रित रखें और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाकर चलें।

 फॉग लाइट के साथ गाड़ी पर लगवाएं रिफ्लेक्टिव टेप 
पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों को फॉग लाइट और जरूरी लाइटों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगवाने की अपील की, ताकि धुंध और अंधेरे में पीछे से आने वाले वाहन चालकों को आपके वाहन की मौजूदगी आसानी से दिखाई दे सके। वाहन के ब्रेक, लाइट और अन्य जरूरी उपकरणों की जांच भी समय-समय पर करवाएं।

 हाईवे पर खड़ी गाड़ी बन सकती है मौत का कारण

राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर सड़क किनारे या ढाबों के आसपास वाहन खड़े करने वालों को भी पुलिस ने आगाह किया है। खराब वाहन को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर ले जाएं और चेतावनी संकेत लगाएं। थोड़ी सी लापरवाही पीछे से आने वाले वाहन के लिए बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

शराब पीकर ड्राइविंग और मोबाइल का इस्तेमाल पड़ेगा भारी

एसपी ने दो टूक कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना, ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में गाड़ी दौड़ाना दुर्घटनाओं के बड़े कारण हैं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। भारी वाहन चालक भी निर्धारित क्षमता से अधिक सामान न भरें।

हादसों वाले स्थानों पर पुलिस की रहेगी विशेष नजर

सर्दियों में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी, यातायात पुलिस की तैनाती और गश्त बढ़ाने पर जोर दिया है। इसके अलावा सड़क संकेतकों, रिफ्लेक्टिव मार्किंग और बैरिकेडिंग जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

 कुछ मिनट की देरी मंजूर, लेकिन जिंदगी से खिलवाड़ नहीं! 

पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने आमजन से भावुक अपील करते हुए कहा कि सड़क पर कुछ मिनट बचाने के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में न डालें। सुरक्षित गति से वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने याद दिलाया कि घर पर आपके अपने आपका इंतजार कर रहे हैं।

नोट:- पुलिस का संदेश साफ है—रफ्तार कम रखिए, सावधानी ज्यादा बरतिए और सुरक्षित अपने घर पहुंचिए। क्योंकि आपकी जिंदगी सिर्फ आपकी नहीं, आपके पूरे परिवार की खुशियों से जुड़ी है।

रिपोर्टर -अमित कुमार यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.