मनमाड रेलवे स्टेशन पर हाई वोल्टेज तार पर चढ़ा युवक
नासिक - जिले के मनमाड रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक रेलवे के हाई वोल्टेज ओवरहेड वायर पर चढ़ गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अचानक बिजली के हाई वोल्टेज कनेक्शन के पास पहुंच गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सूझबूझ और सावधानी बरतते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है, जिसकी वजह से उसने यह खतरनाक कदम उठाया। फिलहाल पुलिस उसकी पहचान करने और उसके घर-परिवार का पता लगाने में जुटी हुई है। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ऐसे खतरनाक इलाकों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना अधिकारियों को दें।
रिपोर्टर - साबीर शेख


No Previous Comments found.