जानकीपुरम में ₹18.18 करोड़ की सड़क परियोजना का डा. नीरज बोरा ने किया निरीक्षण

लखनऊ। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में कार्यशील जानकीपुरम स्थित कुर्सी रोड से शुक्ला चौराहे की ओर जाने वाले (नहर रोड) मुख्य मार्ग पर जल निगम द्वारा कराए जा रहे सीवर ट्रंक लाइन कार्य का स्थानीय निवासियों की मांग पर विधायक डा. नीरज बोरा ने औचक निरीक्षण किया।

₹1817.97 लाख (₹18.18 करोड़) की अनुमानित लागत वाली इस सड़क परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र के हजारों निवासियों के लिए आवागमन को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाना है। निरीक्षण के दौरान विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि जानकीपुरम की नहर रोड पूरे क्षेत्र की "जीवनरेखा" है, इसलिए इसके निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डा. बोरा ने संबंधित विभागों को 25 अगस्त 2026 तक हर हाल में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। विभागीय कार्यों में शिथिलता पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई। इस पर विभागीय अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि 25 अगस्त, 2026 तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

विधायक ने कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि जहां भी सीवर लाइन डालने का कार्य चल रहा हो, वहां आमजन की सुविधा के लिए अनिवार्य रूप से वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी स्थिति में लोगों का आवागमन बाधित न हो। आगामी नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के कारण स्थानीय व्यापारियों एवं दुकानदारों के व्यवसाय पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। साथ ही जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने चल रहे कार्य को तीन दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।

नगर निगम के अधिकारियों को मार्ग की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, सड़क किनारे अव्यवस्थित पड़े कूड़े का तत्काल निस्तारण करने तथा कूड़ाघर की समुचित व्यवस्था कर सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी निर्देशित किया गया कि सड़क निर्माण कार्य के साथ-साथ ही विद्युत लाइनें डालने का कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि भविष्य में नई बनी सड़क को दोबारा न खोदना पड़े। इसके अलावा नगर निगम को निर्देश दिया गया कि सड़क निर्माण के साथ पूरी पट्टी पर ग्रीन बेल्ट विकसित कर सघन वृक्षारोपण कराया जाए, जिससे क्षेत्र का पर्यावरण भी बेहतर हो सके।

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता दिव्यांशु सिंह, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता सुशील वर्मा, अधिशासी अभियंता अरुण भारती, जलकल के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार, सुएज़ इंडिया के जोनल इंचार्ज (जोन-3) योगेश सिंह, नगर निगम/एलएसए के जोनल अधिकारी (जोन-3) मुकेश त्रिपाठी, नगर निगम से सुमित सिंह सहित जलकल, विद्युत एवं नगर निगम के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.