NEET-UG 2026: 30 हजार में बिका भविष्य! नासिक से केरल तक फैला पेपर लीक का 'खूनी' मकड़जाल

क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि जिस परीक्षा के लिए देश का युवा अपनी रातों की नींद और सुख-चैन कुर्बान कर देता है, उसका भाग्य मात्र 30 हजार रुपये की बोली में बिक रहा था? जी हां, देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 अब सिर्फ एक इम्तिहान नहीं, बल्कि देश का सबसे बड़ा सिस्टम स्कैम बन चुकी है। राजस्थान के रेतीले धोरों से लेकर केरल के समुद्र तटों तक फैला एक ऐसा मकड़जाल, जिसने शिक्षा व्यवस्था की नींव हिला दी है। 720 अंकों के खेल में 600 नंबर का पर्चा, परीक्षा से पहले ही मोबाइल स्क्रीन पर नाच रहा था। आज हम इस संगठित अपराध की एक-एक परत खोलेंगे। देखिए, कैसे नासिक की प्रिंटिंग प्रेस से निकला एक लिफाफा सीकर के गलियारों में मौत का वारंट बन गया!

दरअसल, कहानी शुरू होती है एक गेस पेपर से, जिसे छात्रों को यह कहकर परोसा गया कि "बस यही रट लो, बेड़ा पार है।" लेकिन जब परीक्षा खत्म हुई और राजस्थान SOG ने जांच शुरू की, तो उनके होश उड़ गए। यह कोई साधारण गेस पेपर नहीं था, बल्कि असली पेपर की कार्बन कॉपी थी। जांच में पाया गया कि बायोलॉजी के सभी 90 सवाल और केमिस्ट्री के सभी 45 सवाल परीक्षा से पहले ही लीक हो चुके थे। कुल 180 में से 140 सवाल हूबहू वही थे, जो छात्रों को वाट्सएप पर भेजे गए थे। सोचिए, बिना एक कोमा या फुल स्टॉप बदले, 600 नंबर का कंटेंट पहले से ही बाजार में मौजूद था। वहीं राजस्थान का सीकर, जो कभी अपनी शानदार कोचिंग के लिए जाना जाता था, इस बार जांच एजेंसियों का मुख्य केंद्र बन गया है। सूत्रों का दावा है कि पेपर का सबसे बड़ा सर्कुलेशन यहीं से हुआ। 

दिल्ली से एक कॉल आता है, "पेपर आ गया है," और फिर शुरू होता है मौत का खेल। शुरुआत में इस पेपर की कीमत लाखों में थी, लेकिन जैसे-जैसे परीक्षा की घड़ी नजदीक आई, यह पेपर सब्जी-भाजी के भाव बिकने लगा। 5 लाख से शुरू हुआ सौदा, परीक्षा की सुबह होते-होते 30 हजार और कहीं-कहीं तो महज 5 हजार रुपये तक पहुंच गया। आपको बता दें जांच की सुई अब केरल तक जा पहुंची है। केरल में एमबीबीएस कर रहे एक छात्र ने 2 मई को अपने पिता जो सीकर में एक पीजी हॉस्टल संचालित करते हैं, उनको मोबाइल पर यह पेपर भेजा। मैसेज में साफ लिखा था कि "अपने हॉस्टल की लड़कियों को दे दीजिएगा, यही पेपर कल आएगा।" पिता ने भी वफादारी निभाते हुए 3 मई की सुबह यह पेपर लड़कियों में बांट दिया। अब सवाल यह है कि केरल के उस छात्र के पास यह खजाना कहां से आया? क्या यह नेटवर्क विदेशों तक फैला है या दिल्ली के किसी रसूखदार गलियारे से जुड़ा है?

वहीं एजेंसियों को शक है कि पेपर की चोरी किसी कोचिंग सेंटर से नहीं, बल्कि सीधे सोर्स से हुई है। जांच का रूट मैप कहता है कि पेपर नासिक से निकला, हरियाणा पहुंचा, फिर जयपुर और जमवारामगढ़ होते हुए सीकर पहुंचा। वहां से इसे उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और बिहार तक फैलाया गया। 'Forwarded Many Times' के टैग वाले हजारों मैसेज इस बात की गवाही दे रहे हैं कि यह कोई छोटी-मोटी चोरी नहीं, बल्कि एक मल्टी-स्टेट सिंडिकेट का काम है। वहीं दूसरी तरफ इस जांच में एक और दिलचस्प मोड़ नागौर कनेक्शन से आया है। 

खबर है कि एक छात्र ने इस पेपर के लिए पूरे 28 लाख रुपये चुकाए थे। वह परीक्षा से चार दिन पहले ही सीकर पहुंच गया था ताकि उसे स्पेशल ट्रीटमेंट मिल सके। अब CBI यह पता लगा रही है कि क्या इस रैकेट में बड़े-बड़े कोचिंग संस्थानों के मालिक और एमबीबीएस काउंसलिंग करने वाले दलाल भी शामिल हैं? वहीं राकेश नाम का एक व्यक्ति रडार पर है, जो कोचिंग संस्थानों के बाहर काउंसलिंग का जाल बिछाता था। इतना ही नहीं आपको बता दें आरोपियों ने बचने के लिए टेलीग्राम और अन्य एन्क्रिप्टेड ऐप्स का इस्तेमाल किया, लेकिन डिजिटल निशान पीछे छूट गए। SOG ने अब तक 45 लोगों को दबोच लिया है। सीकर के एक नामी कोचिंग संस्थान का करियर काउंसलर भी सलाखों के पीछे है। जांच में सामने आया है कि पेपर हाथ से लिखा गया था ताकि कोई इसे ट्रेस न कर सके, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

जाहिर है 22 लाख छात्र, उनके बूढ़े मां-बाप की उम्मीदें और सालों की तपस्या, सब कुछ एक झटके में खाक हो गया। NTA ने भले ही परीक्षा रद्द कर दी हो और जांच CBI को सौंप दी गई हो, लेकिन सवाल वही खड़ा है कि क्या भारत की सबसे बड़ी परीक्षा प्रणाली इतनी खोखली है कि उसे कोई भी सेंधमारी करके तोड़ सकता है? छात्र फिर से तैयारी करेंगे, फिर से परीक्षा देंगे, लेकिन जो भरोसा टूटा है, उसे कौन जोड़ेगा? यह लड़ाई अब सिर्फ एक लीक की नहीं है, यह लड़ाई है देश की शिक्षा व्यवस्था को इन सफेदपोश गिद्धों से बचाने की। दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि अगली बार पेपर लीक करने की सोच से ही रूह कांप जाए! 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.