नेपाल बाढ़ का खौफनाक असर, नारायणी नदी में बहकर भारत पहुंचे शव
नेपाल की भीषण बाढ़ का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। नारायणी नदी में बाढ़ के पानी के साथ शव, मलबा, लकड़ियां और घरेलू सामान बहकर उत्तर प्रदेश के महराजगंज तक पहुंच रहे हैं। यहां अब तक चार शव बरामद किए गए हैं। इनमें तीन बच्चों के होने की जानकारी सामने आई है। नदी में बहकर आए शवों और सामान की तस्वीरें नेपाल में आई बाढ़ की भयावहता को बयां कर रही हैं।
नारायणी नदी में बाढ़ का पानी लगातार तेज बहाव के साथ भारत की ओर आ रहा है। पानी के साथ लकड़ियां, घरेलू सामान, सिलेंडर और अन्य वस्तुएं भी बहकर पहुंच रही हैं। इसी दौरान राहत और बचाव कार्य में जुटे जवानों को नदी में कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। पास जाकर जांच करने पर वहां शव पड़े मिले। प्रशासन के मुताबिक अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
शव मिलने के बाद महराजगंज प्रशासन ने इसकी सूचना नेपाल प्रशासन को भेज दी है। पहचान से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो भी नेपाल को उपलब्ध कराए गए हैं। अब शवों की पहचान और आगे की कार्रवाई को लेकर नेपाल प्रशासन के फैसले का इंतजार किया जा रहा है। वहीं नदी पर तैनात बचाव दल लगातार निगरानी कर रहा है। नदी में कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर जवान तुरंत मौके पर पहुंचकर उसकी जांच कर रहे हैं।
बाढ़ के पानी के साथ बहकर आए सामान को निकालने के लिए कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नदी के करीब पहुंच रहे हैं। बचाव दल लगातार लोगों को तेज बहाव से दूर रहने की चेतावनी दे रहा है। इसके बावजूद कई लोग लकड़ियों और अन्य सामान को निकालने के लिए नदी के किनारे पहुंच रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
उधर नेपाल के नवलपरासी पूर्व जिले में भी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। शुक्रवार शाम तक नारायणी नदी के अलग-अलग हिस्सों से 158 शव बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें 109 शव पूरे शरीर के हैं, जबकि 49 मामलों में शरीर के अलग-अलग हिस्से बरामद हुए हैं। बरामद शवों में 31 महिलाएं, 51 पुरुष, 8 बालक और 11 बालिकाएं शामिल हैं। बाकी बरामद हिस्सों की पहचान करने की कोशिश जारी है।
नेपाल में बरामद शवों को अलग-अलग अस्पतालों और सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है। उनकी पहचान की प्रक्रिया चल रही है। इस बीच नारायणी नदी नेपाल में आई तबाही के निशान भारत तक लेकर पहुंच रही है। महराजगंज में शवों की बरामदगी के बाद प्रशासन और राहत-बचाव दल पूरी तरह सतर्क हैं। नेपाल की भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर जान-माल को नुकसान पहुंचाया है। अब इस प्राकृतिक आपदा का असर भारत तक दिखाई दे रहा है। नारायणी नदी में बहकर आए शव और मलबा इस त्रासदी की भयावह तस्वीर सामने रख रहे हैं।
No Previous Comments found.