New Year 2026: पार्टी की मस्ती न बिगाड़े अगला दिन, इन 5 आसान तरीकों से पाएं हैंगओवर से राहत
न्यू ईयर 2026 का स्वागत अक्सर म्यूजिक, दोस्तों के साथ पार्टी और देर रात तक जश्न के साथ किया जाता है। 31 दिसंबर की रात की यह मस्ती यादगार तो होती है, लेकिन कई बार इसकी कीमत अगली सुबह चुकानी पड़ती है। सिर दर्द, थकान, उलझन, मतली और कमजोरी जैसे लक्षण हैंगओवर की पहचान हैं, जो पूरे दिन को खराब कर सकते हैं। मेडिकल एक्सपर्ट्स के अनुसार, हैंगओवर का सबसे पक्का इलाज समय है और इसके लक्षण 24 घंटे तक रह सकते हैं। हालांकि, इस दौरान कुछ आसान और असरदार उपाय अपनाकर आप खुद को बेहतर महसूस करा सकते हैं। आइए जानते हैं न्यू ईयर पार्टी के बाद हैंगओवर से राहत पाने के 5 कारगर तरीके।
1. खूब पानी और हेल्दी ड्रिंक्स लें
शराब शरीर को डिहाइड्रेट कर देती है, यानी शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जो हैंगओवर की बड़ी वजह है। इसलिए सुबह उठते ही पानी पीना शुरू करें और दिनभर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में लेते रहें। नारियल पानी, नींबू पानी और ताजे फलों का जूस भी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं। ध्यान रखें कि हैंगओवर उतारने के लिए दोबारा शराब पीना बिल्कुल सही उपाय नहीं है, इससे स्थिति और बिगड़ सकती है।
2. हल्का और सादा भोजन करें
हैंगओवर के समय पेट अधिक संवेदनशील हो जाता है। ऐसे में भारी, मसालेदार या तला-भुना खाना परेशानी बढ़ा सकता है। टोस्ट, बिस्किट, खिचड़ी या क्रैकर्स जैसे हल्के और सादे खाद्य पदार्थ ब्लड शुगर लेवल को संतुलित करने में मदद करते हैं और पेट को राहत देते हैं। साथ ही, सब्जियों का सूप शरीर में कमी हुए नमक और पोटैशियम की भरपाई कर सकता है।
3. पेनकिलर का इस्तेमाल सोच-समझकर करें
अगर सिर दर्द या शरीर में दर्द ज्यादा हो, तो बिना पर्ची मिलने वाली पेनकिलर कुछ राहत दे सकती हैं, लेकिन इनका इस्तेमाल सावधानी से करें। एस्पिरिन और आइबूप्रोफेन पेट में जलन बढ़ा सकते हैं, खासकर तब जब शरीर पहले से शराब के प्रभाव में हो। वहीं, शराब के साथ या तुरंत बाद पैरासिटामोल लेने से लिवर को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए दवा लेने से पहले सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
4. पर्याप्त नींद और आराम लें
नींद शरीर का सबसे अच्छा हीलर मानी जाती है। अगर संभव हो, तो न्यू ईयर पार्टी के अगले दिन खुद को पूरा आराम दें और भरपूर नींद लें। लंबी और गहरी नींद शरीर को रिकवर करने का समय देती है, जिससे हैंगओवर के लक्षण धीरे-धीरे कम हो सकते हैं। कई बार दोबारा जागने पर सिर दर्द और थकान काफी हद तक कम महसूस होती है।
5. खुद को समय देना न भूलें
यह समझना जरूरी है कि हैंगओवर तुरंत ठीक होने वाली समस्या नहीं है। शरीर को खुद को ठीक करने के लिए समय चाहिए। इसलिए खुद पर अनावश्यक दबाव न डालें, काम या जिम्मेदारियों को थोड़ी देर के लिए टालें और अपने शरीर के संकेतों को समझें। आराम और धैर्य से हैंगओवर के लक्षण अपने आप कम हो जाते हैं।
न्यू ईयर 2026 का जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन सेहत का भी ध्यान रखें, ताकि नए साल की शुरुआत ताजगी और ऊर्जा के साथ हो सके।

No Previous Comments found.