डॉ. उर्मिलेश की 75वीं जयंती पर बदायूं क्लब का सेवा संकल्प: 112 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, पौधरोपण और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
बदायूं, 6 जुलाई 2026। बदायूं क्लब द्वारा डॉ. उर्मिलेश की 75वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को सेवा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत डॉ. उर्मिलेश की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई, श्री राममूर्ति मेडिकल कॉलेज के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया तथा क्लब परिसर में वृहद पौधरोपण किया गया।
स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने मुख्य अतिथि तथा मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंघला ने विशिष्ट अतिथि के रूप में किया। शिविर में हृदय रोग, नाक-कान-गला, सामान्य चिकित्सा एवं त्वचा रोग से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण किया। शिविर में कुल 112 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आवश्यक जांच के साथ-साथ रोगियों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
शिविर में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपेश अग्रवाल, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. शुभम अग्रवाल, सामान्य मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. शुभ्रा अग्रवाल तथा त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. आरुषि अग्रवाल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों एवं क्लब सदस्यों ने डॉ. उर्मिलेश की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद क्लब परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि डॉ. उर्मिलेश जैसी पुण्यात्मा की 75वीं जयंती पर जनहित में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर अत्यंत सराहनीय पहल है। वहीं मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंघला ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सच्ची मानव सेवा है और ऐसे आयोजन समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर डॉ. अक्षत अशेष, राममूर्ति मेडिकल कॉलेज के मार्केटिंग मैनेजर नितिन रस्तोगी, श्याम जी शर्मा, मंजुल शंखधार, डॉ. सोनरूपा विशाल, ऋचा अशेष, कमला माहेश्वरी, डॉ. मधू गौतम, डॉ. भास्कर शर्मा, ज्ञानानंद पाण्डेय, दीपक सक्सेना, रविंद्र मोहन सक्सेना, मनीष सिंघल, संजय रस्तोगी, रूपेंद्र सिंह लाम्बा, नितिन गुप्ता, आलोक पाठक, डॉ. रामबहादुर व्यथित, डॉ. शैलेन्द्र कबीर, संजीव आर्य रूप, नरेश शंखधार, राहुल चौबे, आदित्य श्रोत्रिय, इकबाल असलम, पंकज शर्मा, नितेश वार्ष्णेय, विनीत शर्मा, प्रशांत दीक्षित, रुपाली वैश्य, निशि गुप्ता, सुशील शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्लब सदस्य उपस्थित रहे।
No Previous Comments found.