आरजी कर केस में बड़ा एक्शन, TMC के पूर्व विधायक निर्मल घोष गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व विधायक निर्मल घोष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो दिन पहले ही उनके खिलाफ आरजी कर पीड़िता के अंतिम संस्कार में कथित अनियमितताओं को लेकर FIR दर्ज की गई थी।
जानकारी के मुताबिक, निर्मल घोष को ओडिशा के संबलपुर से गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई उस मामले में हुई है, जिसमें पीड़िता के माता-पिता ने आरोप लगाया था कि उनकी सहमति के बिना जल्दबाजी में बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मामला 9 अगस्त 2024 का है। आरजी कर अस्पताल में 31 वर्षीय पीजी ट्रेनी डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या की घटना सामने आई थी। इसके बाद यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया था। अब इसी मामले में अंतिम संस्कार से जुड़ी कथित अनियमितताओं की दोबारा जांच शुरू होने के बाद निर्मल घोष पर पुलिस की कार्रवाई हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के शव को पानीहाटी के एक श्मशान घाट ले जाया गया था। आरोप है कि वहां कतार में मौजूद दो अन्य शवों को पीछे छोड़ते हुए पीड़िता का अंतिम संस्कार जल्दबाजी में कराया गया।
जांच में यह बात भी सामने आने का दावा किया गया है कि अंतिम संस्कार की सहमति से जुड़े दस्तावेजों पर पीड़िता के माता-पिता या परिवार के किसी अन्य सदस्य के बजाय पड़ोस के लोगों के हस्ताक्षर थे। इसी को लेकर पीड़िता के माता-पिता ने सवाल उठाए थे और पूरे घटनाक्रम की नए सिरे से जांच की मांग की थी।
इसके बाद राज्य सरकार की ओर से पुलिस को मामले की दोबारा जांच के निर्देश दिए गए। FIR दर्ज होने के दो दिन बाद अब पूर्व TMC विधायक निर्मल घोष की गिरफ्तारी ने इस मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।
गौरतलब है कि आरजी कर मामले में दुष्कर्म और हत्या से जुड़े मुख्य मामले में एक व्यक्ति को पहले ही दोषी ठहराया जा चुका है। हालांकि, अंतिम संस्कार से जुड़े घटनाक्रम और कथित अनियमितताओं का मामला अभी कलकत्ता हाईकोर्ट में लंबित है।
अब निर्मल घोष की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि अंतिम संस्कार में कथित तौर पर नियमों की अनदेखी कैसे हुई और इसमें किन लोगों की भूमिका थी। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी कार्रवाई या खुलासे हो सकते हैं।
No Previous Comments found.