नेहरू की तस्वीरों पर कांग्रेस का पलटवार, सुप्रिया श्रीनेत ने निशिकांत दुबे को घेरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर राहुल गांधी की टिप्पणी और संदीप दीक्षित के इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी पर तंज को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुरानी तस्वीरों तक पहुंच गया है। शनिवार को बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पुरानी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया।
निशिकांत दुबे ने X पर नेहरू-गांधी परिवार से जुड़ी एक किताब की कुछ तस्वीरें साझा कीं। इनमें नेहरू अपनी बहन विजयलक्ष्मी पंडित, भतीजी नयनतारा सहगल और अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला जैकलीन कैनेडी के साथ नजर आ रहे हैं। दुबे ने तस्वीरों को सीधे तौर पर किसी आपत्तिजनक संदर्भ में पेश नहीं किया, लेकिन पोस्ट के बाद कांग्रेस ने इसे तस्वीरों को संदर्भ से हटाकर पेश करने की कोशिश बताया।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पलटवार करते हुए कहा कि एक तस्वीर में विजयलक्ष्मी पंडित अपने भाई नेहरू के गाल पर स्नेहपूर्वक किस करती नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर उनकी भतीजी नयनतारा सहगल के साथ है। उन्होंने मार्च 1962 की एक तस्वीर का भी जिक्र किया, जिसमें होली के दौरान नेहरू जैकलीन कैनेडी को रंग लगाते दिखाई दे रहे हैं।
सुप्रिया श्रीनेत ने निशिकांत दुबे पर तीखा हमला बोलते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने भी बीजेपी सांसद के पोस्ट की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरू-गांधी परिवार को निशाना बनाने के लिए दशकों पुरानी तस्वीरों और घटनाओं को चुनिंदा तरीके से पेश कर राजनीतिक नैरेटिव बनाने की कोशिश की जाती रही है। सिंघवी ने कहा कि पारिवारिक अभिवादन को गलत काम का सबूत नहीं माना जा सकता।
दरअसल, पूरा विवाद राहुल गांधी और संदीप दीक्षित के एक सार्वजनिक कार्यक्रम में गले मिलने के बाद शुरू हुआ था। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर टिप्पणी की थी। इसके जवाब में निशिकांत दुबे ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की फिदेल कास्त्रो और यासिर अराफात के साथ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की थीं।
इसके अलावा उन्होंने करीब आठ साल पहले लोकसभा में राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गले लगाने वाली चर्चित तस्वीर भी शेयर की थी। अब नेहरू की पुरानी तस्वीरों को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर राजनीतिक जुबानी जंग और तेज हो गई है।
No Previous Comments found.