निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे पर साधा निशाना, बोले- ‘कांग्रेस का पूरा नेतृत्व ही फर्स्टिया गया है’
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए विवादित बयान दिया। निशिकांत दुबे की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर खरगे की टिप्पणी पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान छिड़ा हुआ है।
निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी और खरगे को लेकर क्या कहा?
निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस पागलों की जमात है। पागलों के बारे में क्या चर्चा की जाए? राहुल गांधी पागल हैं, और खरगे भी पागल हैं।”इसके अलावा, उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस नेतृत्व को लेकर ‘फर्स्टियाना’ शब्द का इस्तेमाल किया। उन्होंने लिखा, “बिहारी में एक शब्द है फ़र्स्टियाना, कॉग्रेस का पूरा नेतृत्व ही फ़र्स्टिया गया है।”निशिकांत दुबे के इस बयान ने राजनीतिक बयानबाजी को और तेज कर दिया है। बीजेपी और कांग्रेस के बीच पहले से जारी जुबानी जंग अब नेताओं की व्यक्तिगत टिप्पणियों तक पहुंच गई है।
खरगे के किस बयान पर मचा सियासी बवाल?
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनके सामने कहा कि मोदी नहीं जाएगा। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।”कार्यक्रम के दौरान खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया और बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला।
बीजेपी नेताओं ने खरगे से मांगी माफी
खरगे की टिप्पणी के बाद बीजेपी नेताओं ने उनकी भाषा पर सवाल उठाए और उनसे माफी मांगने की मांग की। बीजेपी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस अध्यक्ष को सार्वजनिक मंच से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए था।वहीं, इस मामले को लेकर पटना में खरगे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने की भी खबर सामने आई है। इस विवाद के बीच बीजेपी के कई नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष के बयान की आलोचना की है।
कांग्रेस और बीजेपी के बीच बढ़ा टकराव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। बीजेपी इस मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व को घेर रही है, जबकि निशिकांत दुबे के ताजा बयान ने विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है।अब सबकी नजर इस बात पर है कि कांग्रेस इस पूरे विवाद पर क्या प्रतिक्रिया देती है और आने वाले दिनों में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच यह जुबानी जंग किस दिशा में आगे बढ़ती है।

No Previous Comments found.