नितिन नवीन ने संभाली बीजेपी अध्यक्ष की जिम्मेदारी, बिहार से राज्यसभा का सवाल बना-

 

 

नितिन नवीन ने संभाली बीजेपी अध्यक्ष की जिम्मेदारी, बिहार से राज्यसभा का सवाल बना-

नई दिल्ली/पटना: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को पद संभाल लिया और अपने पहले दिन ही केरल विधानसभा और कुछ निगम चुनावों के लिए प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति का फैसला किया। आज वे प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महासचिवों और राज्य प्रभारियों के साथ पूरे दिन बैठक में शामिल रहे।

सवाल उठ रहा है कि क्या नवीन दो फरवरी से शुरू हो रहे बिहार विधानसभा के बजट सत्र में हिस्सा लेंगे, क्योंकि वे अभी भी बांकीपुर विधानसभा से बीजेपी विधायक हैं। हालांकि पार्टी चाहें तो उन्हें आसानी से राज्यसभा भेजा जा सकता है। इस साल अप्रैल में बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही हैं, जिनमें चार पर एनडीए की जीत तय मानी जा रही है। इनमें से दो सीटें बीजेपी के खाते में आ सकती हैं, जिससे नवीन को दिल्ली में रहते हुए संगठन कार्यों पर ध्यान देने का अवसर मिलेगा।

बीजेपी के आला सूत्रों के अनुसार फिलहाल नवीन विधायक बने रहेंगे ताकि उनका बिहार से कनेक्शन बना रहे। इसके पीछे अमित शाह का उदाहरण भी दिया जा रहा है, जो 2014 में बीजेपी अध्यक्ष बने थे और तब भी विधायक रहे।

विशेषज्ञों का कहना है कि नवीन का बिहार में बने रहना पार्टी के लिए संगठन और राज्य राजनीति पर नजर बनाए रखने के लिहाज से जरूरी है। पिछले साल दिसंबर में उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने से यह संकेत भी मिला था कि पार्टी उन्हें बिहार में मजबूत भूमिका देने के साथ-साथ भविष्य में 2029 के लोकसभा चुनाव की रणनीति का हिस्सा बना रही है।

राज्यसभा की इस साल 71 सीटों पर चुनाव होना है, जिसमें 30 बीजेपी सांसद रिटायर हो रहे हैं। पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि केंद्रीय नेतृत्व बिहार में मजबूती से बना रहे और जातीय समीकरणों के अनुरूप राज्यसभा के उम्मीदवार तय किए जाएं।

 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.