जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में “District as Export Hub”(जिला निर्यात हब) योजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय बैठक हुई संपन्न
गौतमबुद्धनगर : “District as Export Hub”(जिला निर्यात हब) के रूप में और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक में जनपद के निर्यातकों, उद्योग संगठनों, संबंधित विभागों एवं अधिकारियों द्वारा निर्यात संवर्धन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उप महानिदेशक विदेश व्यापार हेमंत कुमार द्वारा विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) की वर्तमान एवं आगामी पहलों, निर्यात को बढ़ावा देने हेतु संचालित योजनाओं तथा प्रक्रियाओं के सरलीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। उन्होंने बताया कि जनपद गौतमबुद्धनगर उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी है और प्रदेश के कुल निर्यात में इसका महत्वपूर्ण योगदान है।
बैठक में अध्यक्ष, एचएचईडब्ल्यूए एसोसिएशन सी.पी. शर्मा द्वारा निर्यातकों से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने डीजीएफटी, कस्टम विभाग एवं एक्सपोर्ट क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन (ईसीजीसी) से संबंधित चुनौतियों पर चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण बिंदुओं की ओर ध्यान आकर्षित किया।
इंडस्ट्री प्रतिनिधियों ने बैठक में डीजीएफटी से संबंधित प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए बताया कि एडवांस ऑथराइजेशन एवं ईपीसीजी लाइसेंस के संशोधन तथा क्लोजर की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब हो रहा है। इसके अतिरिक्त "इंपोर्टर एक्सपोर्टर कोड (आईईसी)" प्रोफाइल एवं डिजिटल सिग्नेचर के अद्यतन में भी तकनीकी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कस्टम विभाग से संबंधित समस्याओं में इनलैंड कंटेनर डिपो (ICDs) पर माल की जांच प्रक्रिया में अत्यधिक समय लगना, वैल्यूएशन एवं क्लासिफिकेशन से जुड़े मामलों में बार-बार पूछताछ किया जाना, आईजीएसटी रिफंड के निस्तारण में विलंब तथा कस्टम अधिकारियों एवं निर्यातकों के बीच अपेक्षित समन्वय का अभाव प्रमुख रूप से शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गहनता से सुना एवं सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निर्यातकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं जनपद को एक सशक्त निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु प्रभावी समन्वय के साथ कार्य किया जाए।
उप महानिदेशक विदेश व्यापार हेमंत कुमार द्वारा निर्यातकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्यवाही एवं समाधान हेतु हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया। बैठक में उपायुक्त उद्योग/सदस्य सचिव पंकज निर्वाण द्वारा निर्यात वृद्धि हेतु विभागीय समन्वय एवं आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में प्रमुख निर्यातकों एवं उद्योग प्रतिनिधियों में भारत दीप, अनिल अग्रवाल, अनभय साध, पी.के. कपूर, शशि नांगिया सहित अन्य उद्यमी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : देव कुमार मिश्रा
No Previous Comments found.