सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स(Acs) परीक्षा-2026 जनपद में 04 परीक्षा केंद्रों पर होगी आयोजित
गौतमबुद्धनगर : संघ लोक सेवा आयोग नई दिल्ली की मंशा के अनुरूप जनपद में आगामी 19 जुलाई दिन रविवार को दो पालियों में(प्रथम पाली 10:00 बजे से 12:00 बजे तक एवं द्वितीय पाली 2:00 बजे से 5:00 तक) होने वाली सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस(Acs) परीक्षा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुचीता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में 04 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली परीक्षा की तैयारियों को लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारीगण अपनी तैयारियां संघ लोक सेवा आयोग के मानकों के अनुरूप परीक्षा से पूर्व पूर्ण कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन ढंग से संपन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। अतः सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दें और समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने निर्देश दिए कि सेक्टर मजिस्ट्रेट व लोकल एक्सपेक्टिंग ऑफिसर अपने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि सभी मूलभूत सुविधाएं एवं सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हों। किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। पुलिस विभाग के अधिकारियों को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के समय इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की विशेष जांच की जाए, ताकि कोई भी अभ्यर्थी उन्हें भीतर न ले जा सके। इस अवसर पर संघ लोक सेवा आयोग द्वारा नामित अधिकारी मुकेश मीणा ने उपस्थित अधिकारियों को आयोग के मानकों के अनुरूप परीक्षा संचालन की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में डीसीपी मुख्यालय शव्या गोयल, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापक सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : देव कुमार मिश्रा
No Previous Comments found.