16 वर्ष या 16 वर्ष से अधिक आयु की पात्र दिव्यांग छात्राएं निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल हेतु कर सकती है ऑनलाइन आवेदन

गौतमबुद्धनगर :  शासन के निर्देशों के क्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी गौतमबुद्धनगर आशीष कुमार सिंह ने बताया कि जनपद की स्कूलों एवं शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र दिव्यांग छात्राओं के शैक्षिक पुनर्वास तथा उनके सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना का उद्देश्य ऐसी दिव्यांग छात्राओं को दैनिक रूप से कक्षाओं, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, छात्रावास एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं तक सहज पहुंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत ऐसी दिव्यांग छात्राएं पात्र होंगी, जो मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफीलिया अथवा अन्य ऐसी दिव्यांगता से ग्रसित हों, जिनकी दृष्टि एवं मानसिक स्थिति सामान्य हो तथा कमर के ऊपर का भाग स्वस्थ हो। साथ ही संबंधित छात्रा ई-ट्राईसाइकिल का संचालन अपने हाथों से करने में सक्षम हो तथा उसकी दिव्यांगता जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रमाणित हो।

      उन्होंने बताया कि योजना का लाभ केवल 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की उत्तर प्रदेश की निवासी दिव्यांग छात्राओं को मिलेगा। साथ ही ऐसी छात्राएं, जिन्हें भारत सरकार, स्थानीय निकाय, मा0 सांसद निधि, मा0 विधायक निधि अथवा किसी अन्य सरकारी अथवा सरकारी अनुदानित स्रोत से पिछले पांच वर्षों के भीतर ई-ट्राईसाइकिल का लाभ प्राप्त हुआ हो, इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी। योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन होगी तथा प्रति ई-ट्राईसाइकिल अधिकतम ₹65,000 तक का अनुदान अनुमन्य होगा। आवेदन के साथ संबंधित शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य/संस्थानाध्यक्ष द्वारा जारी अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा, जिसकी पुष्टि जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी द्वारा की जाएगी। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने जनपद की पात्र दिव्यांग छात्राओं से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार समस्त औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए अपने आवश्यक अभिलेखों की प्रतियां कक्ष संख्या-107, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर में शीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें योजना का लाभ समयबद्ध रूप से प्रदान किया जा सके।
      
रिपोर्टर : देव कुमार मिश्रा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.