भाकियू की बड़ी मांग: मुफ्त बिजली और MSP की कानूनी गारंटी
नॉएडा - भारतीय किसान यूनियन ने किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी मांगों की सूची जारी की है। संगठन ने खेती के लिए मुफ्त बिजली, ग्रामीण उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली, किसानों की आय बढ़ाने, रोजगार, फसल बीमा, एमएसपी की कानूनी गारंटी और भारत-अमेरिका ट्रेड समझौते जैसे मुद्दों पर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की है।
भाकियू द्वारा जारी मांगपत्र में कहा गया है कि कृषि कार्य के लिए निशुल्क बिजली दी जाए और ग्रामीण उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाए। साथ ही बिजली के निजीकरण और स्मार्ट मीटर योजना को वापस लेने की मांग की गई है। संगठन ने आवारा पशुओं से किसानों की फसलों की सुरक्षा, रोजगार के बेहतर अवसर, न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने, डीएपी, यूरिया और अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई।
इसके अलावा बाढ़,सूखा,अतिवृष्टि और ओलावृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को त्वरित मुआवजा देने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की व्यापक समीक्षा करने और भूमि अधिग्रहण कानून-2013 को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग रखी गई। भाकियू ने भारत-अमेरिका ट्रेड समझौते सहित ऐसे किसी भी मुक्त व्यापार समझौते का विरोध किया, जिससे कृषि, डेयरी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका हो। संगठन का कहना है कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
रिपोर्टर - योगेंद्र कुमार यादव
No Previous Comments found.