छिजारसी-चोटपुर की बिजली समस्या को लेकर NH-24 पर फूटा लोगों का गुस्सा
नोएडा : सेक्टर-63 स्थित छिजारसी और चोटपुर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्याओं के खिलाफ रविवार को सैकड़ों लोगों ने NH -24 पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही, अनियमित बिजली आपूर्ति और मीटर लगे होने के बावजूद कनेक्शन काटे जाने के आरोप लगाए।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में अक्सर ट्रांसफॉर्मर खराब हो जाते हैं, 11 हजार वोल्ट की लाइनें टूट जाती हैं और कई दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। लोगों का आरोप है कि शिकायत करने पर उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय क्षेत्र को डूब क्षेत्र बताकर मामला टाल दिया जाता है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद बिजली चालू कराने के नाम पर उनसे हजारों रुपये लिए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं होता। लोगों का कहना है कि जब घरों में मीटर लगे हैं और नियमित बिल जमा किया जा रहा है तो फिर बिजली कनेक्शन काटने का औचित्य क्या है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए NCF की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह भी मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के पास वैध मीटर और बिजली कनेक्शन हैं, उन्हें किसी भी प्रकार से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों से लोगों की समस्याओं का निष्पक्ष समाधान करने और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद क्षेत्रवासियों ने अपनी मांगों को लेकर कप्तान साहब को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नियमित बिजली आपूर्ति, ट्रांसफॉर्मर और लाइन संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान तथा वैध उपभोक्ताओं की बिजली बहाल करने की मांग की गई। कप्तान साहब ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखा जाएगा और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उचित कार्रवाई कराई जाएगी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
रिपोर्टर : योगेंद्र कुमार यादव
No Previous Comments found.