साइबर अपराध रोकने के लिए गौतम बुद्ध नगर पुलिस की बड़ी पहल
गौतमबुद्धनगर - साइबर अपराधों की रोकथाम और मामलों की वैज्ञानिक एवं तकनीकी विवेचना को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में 31 अगस्त को एक दिवसीय साइबर जागरूकता एवं क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त साइबर श्री विवेक रंजन राय के नेतृत्व में आयोजित कार्यशाला में साइबर विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराधों की रोकथाम, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण और वैज्ञानिक विवेचना का प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में थाना साइबर क्राइम, जोनल साइबर सेल, आईटी सेल, वर्ष 2023 बैच के उपनिरीक्षकों और विभिन्न थानों की साइबर हेल्पडेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रशिक्षण लिया। इस दौरान क्रिप्टोकरेंसी, ब्लॉकचेन, CDR और IPDR सहित आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों को साइबर अपराधियों की नई कार्यप्रणाली की पहचान डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित संकलन एवं विश्लेषण तथा न्यायालय में तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी प्रस्तुतीकरण के बारे में भी बताया गया। कार्यशाला का उद्देश्य साइबर अपराध की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करना है।
रिपोर्टर - योगेंद्र कुमार यादव
No Previous Comments found.