मोबाइल स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
नोएडा। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग एवं चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों पुष्पेन्द्र और ध्रुव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 31 मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने के बाद उनके पासवर्ड तोड़कर पेटीएम और फोन-पे के जरिए बैंक खातों से रकम ट्रांसफर करने की बात पूछताछ में स्वीकार की है। इसके अलावा बड़ी संख्या में मोबाइल इकट्ठा होने पर उन्हें कम कीमत में राह चलते लोगों को बेच देते थे।
एक मामले में पीड़ित का सैमसंग मोबाइल छीनने के बाद उससे लिंक बैंक खाते से 93,500 रुपये निकाले गए थे। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 70 हजार रुपये की रकम डेबिट/फ्रीज कराई और पीड़ित का मोबाइल भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी पुष्पेन्द्र (23 वर्ष) और ध्रुव (19 वर्ष) गाजियाबाद के कृष्णानगर बागू क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी: 31 मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और हीरो एक्सट्रीम 125 मोटरसाइकिल।
रिपोर्टर - योगेंद्र कुमार यादव
No Previous Comments found.