"सशक्त महिला उद्यमी संगठन" का ऐतिहासिक शुभारंभ, गौतम बुद्ध नगर से पूरे उत्तर प्रदेश में महिला उद्यमिता की नई क्रांति की शुरुआत
ग्रेटर नोएडा : गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ा। महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता को समर्पित सशक्त महिला उद्यमी संगठन का भव्य शुभारंभ समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। संगठन की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह जी के नेतृत्व में आयोजित इस लॉन्च सेरेमनी में जिले की सैकड़ों महिला उद्यमियों, उद्योगपतियों एवं विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों की प्रतिष्ठित महिलाओं ने भाग लिया।
आज के इस भव्य आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि शासन-प्रशासन के हर विभाग और प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें - ईपीएफओ विभाग से रीजनल कमिश्नर-वन श्री वैभव सिंह जी, श्रम विभाग से डिप्टी लेबर कमिश्नर श्री राकेश द्विवेदी जी, सेवा योजन विभाग से श्रीमती मनीषा अत्री जी, एमएसएमई मंत्रालय से डायरेक्टर श्री आर.के. भारती जी, नोएडा प्राधिकरण से श्री नवीन कुमार सिंह जी, एडीसीपी श्रीमती मनीषा सिंह जी, डीसीपी श्री श्रवण कुमार जी, एसीपी श्री राजीव गुप्ता जी, डीआईसी विभाग से श्री त्रिभुवन पटेल जी एवं पूर्व डीआईसी से श्री गोस्वामी जी सहित अन्य कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। सभी अधिकारियों ने संगठन को उसकी इस नई पहल और उन्नति के लिए आशीर्वाद दिया और हृदय से बधाई दी।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह जी, IPS एवं संरक्षक एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री श्रीमती विमला बाथम जी उपस्थित रहीं।
डॉ. खुशबू सिंह जी ने अपने विजन को साझा करते हुए कहा -
"यह संगठन केवल एक मंच नहीं, बल्कि हर महिला के आर्थिक आत्मनिर्भरता के सपने को साकार करने का एक संकल्प है। हमारा लक्ष्य गौतम बुद्ध नगर से शुरू होकर इस संगठन को संपूर्ण उत्तर प्रदेश में सक्रिय करना है, ताकि प्रदेश के हर जिले की महिला उद्यमी सशक्त हो सके।
हमारा व्यापक विजन है:
1. Ease of Doing Business को साकार करना: हमारा संगठन जिला प्रशासन, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, नोएडा प्राधिकरण, जीएसटी, पीएफ, प्रदूषण, श्रम विभाग, फैक्ट्री एक्ट सहित सभी सरकारी विभागों के साथ सेतु का कार्य करेगा, ताकि किसी भी उद्यमी महिला को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
2. व्यापक निर्यातक विंग (Exporter Wing) का गठन: हम स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुँचाने के लिए एक समर्पित निर्यातक विंग बनाएंगे। यह 'लोकल से ग्लोबल' की यात्रा होगी।
3. अकादमी और इंडस्ट्री कनेक्ट: हम कॉलेज, विश्वविद्यालय और इंडस्ट्री के बीच सेतु बनेंगे, ताकि युवा छात्राओं को कौशल प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर मिल सकें।
4. ग्रामीण महिलाओं के सपनों को साकार करना: इन सब के अलावा, महिलाओं से जुड़ा और विशेष रूप से हमारे गाँव की महिलाओं से जुड़ा हर वह सपना जिसे अभी तक पूरा होना बाकी है, उसे साकार करना ही हमारे संगठन का प्रमुख लक्ष्य है। चाहे वह स्वावलंबी बनने का सपना हो, अपने हुनर को पहचान दिलाने का हो या अपने परिवार और समाज में एक सशक्त पहचान बनाने का हो - सशक्त महिला उद्यमी संगठन शहर से लेकर गाँव की अंतिम महिला तक की हर आकांक्षा को पूरा करने के लिए कृतसंकल्पित है। हम ग्रामीण महिला उद्यमियों को कौशल, बाजार और वित्तीय सहायता से जोड़कर उन्हें भी मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से जोड़ेंगे।
हम उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के One Trillion Dollar Economy के सपने को महिला उद्यमिता के माध्यम से साकार करने में अपना पूर्ण योगदान देंगे। हम लोकल टू ग्लोबल की आधारशिला के साथ देश के लिए अधिक से अधिक राजस्व उत्पन्न कर राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे।
यह मंच केवल महिला इंडस्ट्रियलिस्ट के लिए ही नहीं है, बल्कि समाज की हर पेशेवर महिला - चाहे वह अधिवक्ता हो, चार्टर्ड अकाउंटेंट हो, हेल्थकेयर, शिक्षा या सर्विस इंडस्ट्री से हो - उन सभी का हमारे संगठन में हार्दिक स्वागत है।"
मुख्य अतिथि पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह जी, IPS ने अपने संबोधन में कहा -
"मैं डॉ. खुशबू सिंह जी को इस अद्भुत और साहसिक पहल के लिए हृदय से बधाई देती हूँ। गौतम बुद्ध नगर में पहली बार महिलाओं के लिए विशेष रूप से उद्योग के क्षेत्र में इतना संगठित और सशक्त मंच बनाया गया है, यह अपने आप में सशक्तिकरण का उदाहरण है। पुलिस प्रशासन सदैव ऐसे महिला संगठनों के साथ खड़ा था, खड़ा है और सदैव खड़ा रहेगा।"
संरक्षक एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती विमला बाथम जी ने अपने संबोधन में कहा -
"डॉ. खुशबू सिंह जी में मुझे अपना अतीत और अपना प्रतिबिंब नजर आता है। आज जिस कर्मठता, लगन और जुनून के साथ डॉ. खुशबू जी ने सभी महिलाओं को एकजुट कर यह मंच तैयार किया है, वह अत्यंत सराहनीय है। मुझे गर्व है कि उन्होंने महिला उद्यमियों के नेतृत्व का यह बड़ा बीड़ा उठाया है और जो संकल्प उन्होंने लिया है, वह निश्चित रूप से सभी महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। मैं हमेशा उनकी संरक्षक और मेंटर के रूप में उनके साथ खड़ी हूँ।"
कार्यक्रम के अंत में डॉ. खुशबू सिंह जी ने अपनी कोर टीम का आभार व्यक्त किया, जिनके अथक परिश्रम से यह शुभारंभ सफल हो सका।
संगठन की कोर टीम इस प्रकार है:
महासचिव - श्रीमती रश्मि निगम जी
कोषाध्यक्ष - श्रीमती आस्था शर्मा जी
उपाध्यक्ष - श्रीमती अर्चना आनंद जी, श्रीमती पूनम माहेश्वरी जी एवं श्रीमती रचना जैन जी
संयुक्त सचिव - श्रीमती दिशा कपूर जी
कार्यकारिणी सदस्य - श्रीमती सोनाली चौधरी जी
रिपोर्टर : योगेंद्र कुमार यादव

No Previous Comments found.