ग्रेटर नोएडा बार एसोसिएशन का बड़ा फैसला, अध्यक्ष पद के लिए 8 और सचिव पद के लिए 5 साल की वकालत अनिवार्य

ग्रेटर नोएडा :  जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन, गौतमबुद्ध नगर की आम सभा की बैठक में अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को बार एसोसिएशन के सभागार में आयोजित बैठक में अध्यक्ष पद के लिए 8 वर्ष और सचिव पद के लिए 5 वर्ष की वकालत की अनिवार्यता का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट मनोज भाटी बोड़ाकी ने की, जबकि संचालन सचिव शोभाराम चंदीला ने किया।

बैठक के दौरान चेंबर रिनोवेशन के तहत चिह्नित और आवंटित चेंबरों के आवंटन पत्र पात्र अधिवक्ताओं को वितरित किए गए। बार एसोसिएशन की वर्तमान कार्यकारिणी और चेंबर निर्माण कमेटी की ओर से कुल 448 अधिवक्ताओं को चेंबर आवंटन पत्र सौंपे गए। इसके साथ ही 41 लाख 44 हजार रुपये की धनराशि आरटीजीएस और चेक के माध्यम से संबंधित अधिवक्ताओं को वापस की गई।

आम सभा में डी-ब्लॉक मेंटेनेंस फंड को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके लिए अलग बैंक खाता खोला जाएगा, जिसमें दानदाताओं की ओर से दी जाने वाली धनराशि जमा होगी। इस खाते के आजीवन संचालन की जिम्मेदारी जगदीश भाटी, देवी शरण शर्मा और मुकेश कर्दम को सौंपी गई।

वहीं, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए 8 वर्ष और सचिव पद के लिए 5 वर्ष की वकालत की योग्यता निर्धारित करने का प्रस्ताव आम सभा में 100 प्रतिशत समर्थन के साथ पारित हुआ। इस फैसले को बार एसोसिएशन की आगामी चुनावी व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक में जगदीश भाटी, देवी शरण शर्मा, मुकेश कर्दम, दुष्यंत तोमर, अवधेश शर्मा, श्याम सिंह चौधरी, दलवीर सिंह, राजाराम शर्मा, ओमप्रकाश मधुर, ममता चौधरी, भूपेंद्र मंगल, हरेंद्र तोंगड़, लोकेश अवाना, राजीव भाटी, बबलू चंदेला, तान्या सिंह, धर्मेंद्र शर्मा, सरदार बंसल सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।

 रिपोर्टर : योगेंद्र कुमार यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.