नोएडा में नकली सिगरेट का बड़ा खेल बेनकाब, 2 आरोपी गिरफ्तार!

नोएडा - असली ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने वाले गैंग का थाना फेस-2 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो नकली सिगरेट को नामी कंपनियों की असली डिब्बियों में पैक करके बाजार में सप्लाई करते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी खाली सिगरेट की डिब्बियों में तंबाकू भरकर मशीनों की मदद से दोबारा रैप करते थे और फिर इन्हें असली ब्रांड की सिगरेट बताकर छोटे दुकानदारों को बेच देते थे। इस पूरे खेल के जरिए लोगों के साथ धोखाधड़ी कर मुनाफा कमाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गोल्ड फ्लेक की 3500 और कैप्स्टन की 1440 खाली डिब्बियां, 700 ग्राम खुला तंबाकू, गोल्ड फ्लेक की 128 और कैप्स्टन की 57 सिगरेट, पैकिंग करने वाली तीन मशीनें और सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही टोयोटा ग्लैंजा कार बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप और संदीप उर्फ संजीव उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी है। फिलहाल थाना फेस-2 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और ट्रेडमार्क एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्टर - योगेंद्र कुमार यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.