पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने हासिल किया बड़ा मुकाम, बनाया देशव्यापी रिकॉर्ड

नोएडा - पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नाम कौन-सा ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हुआ है ? क्या वह देश में सबसे लंबे समय तक पुलिस कमिश्नर रहने वाली पहली महिला IPS अधिकारी बन गई हैं ? नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस प्रशासन के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। वह देश में किसी जिले के पुलिस कमिश्नरेट की जिम्मेदारी लगातार सबसे लंबे समय तक निभाने वाली पहली महिला आईपीएस अधिकारी बन गई हैं। NOIDA में उनके नेतृत्व में पुलिसिंग के बदलते स्वरूप और प्रशासनिक पहलों के बीच यह उपलब्धि खास महत्व रखती है। 30 नवंबर 2022 को गौतमबुद्ध नगर की पहली महिला पुलिस कमिश्नर के रूप में पदभार संभालने वाली लक्ष्मी सिंह ने 15 नवंबर 2026 तक इस पद पर तीन साल, 11 महीने और 16 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया। इसी के साथ उन्होंने महिला आईपीएस अधिकारियों के बीच पुलिस नेतृत्व के क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वह उत्तर प्रदेश की पहली महिला पुलिस कमिश्नर होने का गौरव भी रखती हैं।
महिला आईपीएस अधिकारियों के कार्यकाल में बनाया नया रिकॉर्ड

देश में वरिष्ठ महिला आईपीएस अधिकारियों के कार्यकाल पर नजर डालें तो उत्तराखंड की पहली महिला डीजीपी कंचन चौधरी भट्टाचार्य ने वर्ष 2004 से अक्टूबर 2007 तक करीब तीन साल प्रदेश पुलिस का नेतृत्व किया था। कर्नाटक की पूर्व डीजीपी नीलमणि एन. राजू और तमिलनाडु की पूर्व डीजीपी लेटिका सरन का कार्यकाल लगभग दो साल तीन महीने रहा। वहीं, गुरुग्राम की पहली महिला पुलिस कमिश्नर कला रामचंद्रन करीब डेढ़ साल तक इस जिम्मेदारी पर रहीं। दूसरी ओर, पुरुष आईपीएस अधिकारियों में तेलंगाना के महेश मुरलीधर भागवत ने राचकोंडा पुलिस कमिश्नरेट में लगभग साढ़े छह साल तक कमान संभाली थी। दिल्ली के पूर्व पुलिस कमिश्नर कृष्ण कांत पॉल का कार्यकाल भी करीब साढ़े तीन साल रहा। इन उदाहरणों के बीच NOIDA की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का लंबा कार्यकाल महिला पुलिस नेतृत्व के लिहाज से एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में सामने आया है

तकनीक और डेटा के सहारे आधुनिक पुलिसिंग पर जोर लक्ष्मी सिंह के कार्यकाल में गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने पारंपरिक पुलिसिंग के साथ तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया। अपराध नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जुलाई 2023 में जियोस्पेशियल डेटा इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित फेशियल रिकग्निशन सिस्टम शुरू करने की घोषणा की गई। इसके बाद मार्च 2025 में जिले के 26 पुलिस थानों में निगरानी और सूचनाओं के बेहतर प्रबंधन के लिए वीडियो वॉल स्थापित की गईं। साइबर अपराध की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण पर भी ध्यान दिया गया। NOIDA जैसे तेजी से डिजिटल और कॉरपोरेट गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित हो रहे शहर में तकनीक आधारित पुलिस व्यवस्था को अहम माना जा रहा है।

ट्रैफिक में फंसी एंबुलेंस को रास्ता दिलाने के लिए ऑपरेशन FAST

NOIDA और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव आपातकालीन सेवाओं के लिए भी चुनौती बनता रहा है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए अक्टूबर 2026 में गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने ऑपरेशन FAST (फास्ट एंबुलेंस सीमलेस ट्रांजिशन) की शुरुआत की। इस पहल के तहत जाम में फंसी एंबुलेंस को अस्पताल तक जल्द पहुंचाने के लिए 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम, हेल्पलाइन और ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था की गई। इस प्रणाली से अस्पतालों और एंबुलेंस संचालकों को भी जोड़ा गया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सके।

महिला सुरक्षा के लिए पिंक बूथ और विशेष व्यवस्था

महिला सुरक्षा भी लक्ष्मी सिंह के कार्यकाल की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रही है। गौतमबुद्ध नगर में महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और पुलिस तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पिंक बूथों का विस्तार किया गया। वर्ष 2025 में तत्कालीन डीजीपी प्रशांत कुमार ने जिले में 11 नए पिंक बूथों का उद्घाटन किया था। इससे पहले जिले में 25 पिंक बूथ संचालित थे। जुलाई 2023 में महिला सुरक्षा से संबंधित पुलिसकर्मियों की निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित जोन के डीसीपी को सौंपने की व्यवस्था भी लागू की गई। इसके अतिरिक्त पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए सेक्टर-108 और नॉलेज पार्क स्थित फैमिली डिस्प्यूट रेजोल्यूशन क्लीनिक को मजबूत करने पर काम किया गया। इन केंद्रों के माध्यम से पारिवारिक समस्याओं को संवाद और आपसी सहमति के आधार पर सुलझाने की पहल की गई।

करियर की शुरुआत में भी हासिल की थी खास पहचान

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के पेशेवर सफर में यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि उन्होंने हाल ही में भारतीय पुलिस सेवा में अपने 25 वर्ष पूरे किए हैं। 31 अक्टूबर 2001 को आईपीएस के 2000 बैच की पासिंग आउट परेड के दौरान उन्हें बेस्ट प्रोबेशनर चुना गया था। उन्होंने परेड का नेतृत्व भी किया था। उनकी इस उपलब्धि पर तत्कालीन उपराष्ट्रपति कृष्णकांत ने उन्हें सम्मानित किया था। इसके अलावा उन्हें प्रधानमंत्री की ओर से सिल्वर बैटन और गृह मंत्रालय की तरफ से 9 एमएम पिस्टल भी प्रदान की गई थी। 

रिपोर्टर - योगेंद्र कुमार यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.