मतदान स्थल दूर किए जाने पर भाजयुमो का ज्ञापन, डीएम ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

ओबरा : सोनभद्र।पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सुविधा को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। सोमवार को भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए वार्ड संख्या 13 के सैकड़ों मतदाताओं के मतदान स्थल को दूर स्थानांतरित किए जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अरविंद सोनी ने बताया कि विकास खंड चोपन अंतर्गत ग्राम पंचायत बिल्ली मारकुंडी के वार्ड नंबर 13 के मतदाताओं का नाम नवीन मतदाता सूची में पूर्व के नजदीकी मतदान स्थल की जगह लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थानांतरित कर दिया गया है। इससे चुनाव के दौरान मतदाताओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है और उनके मताधिकार के प्रयोग में बाधा उत्पन्न होगी। उन्होंने आशंका जताई कि इससे मतदान प्रतिशत पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
भाजपा मंडल मंत्री अधिवक्ता उमेश चंद शुक्ला ने बताया कि पूर्व में इन मतदाताओं का मतदान स्थल जूनियर हाईस्कूल खैरटिया था, जिसे वर्तमान मतदाता सूची में बदलकर बाल विद्या निकेतन, सेक्टर-10 कर दिया गया है। उन्होंने मांग की कि मतदाता हित में मतदान स्थल को पूर्व की भांति जूनियर हाईस्कूल खैरटिया ही रखा जाए, ताकि अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मतदाता साधनविहीन, बुजुर्ग एवं अस्वस्थ हैं, जो अत्यधिक दूरी होने के कारण मतदान स्थल तक पहुंचने में असमर्थ रहेंगे।
इस गंभीर मामले पर जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी।इस मौके पर समाजसेवी अमरजीत कुमार, युवा मोर्चा मंडल मंत्री अनीश सेठ, मोनू रावत, मंगरू गुप्ता, अमित जयसवाल, वीरेंद्र पाण्डेय, मनीष मिश्रा, अमरीश चौबे, राजू सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.