सोनांचल कप में प्रयागराज की शानदार जीत, दिल्ली को 8 विकेट से हराया
सोनभद्र - ओबरा स्थानीय गांधी मैदान में चल रहे 23वें सोनांचल कप राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के 12वें दिन का मुकाबला दिल्ली और प्रयागराज के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में प्रयागराज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को 8 विकेट से हराकर जीत अपने नाम कर ली। मुकाबले के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय यादव रहे। उन्होंने मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और आयोजन समिति द्वारा कराए जा रहे भव्य आयोजन की सराहना की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम निर्धारित 20 ओवर के मुकाबले में 19 ओवर में ही 108 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। दिल्ली की ओर से इंद्रेश ने 16 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 18 रन बनाए, जबकि आकाश ने 17 गेंदों में 2 चौकों के साथ 18 रन का योगदान दिया। प्रयागराज की ओर से गेंदबाजी में मयंक दुबे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि मानू राजा ने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। 109 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रयागराज की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 2 विकेट खोकर 15.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रयागराज के बल्लेबाज यादवेंद्र सिंह यादव ने 41 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 58 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और रिटायर हर्ट हुए। वहीं आशीष रत्नम ने 27 गेंदों पर 30 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाई। दिल्ली की ओर से गेंदबाजी में आनंद कुमार ने 4 ओवर में 20 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि चिराग ने 3 ओवर में 15 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। मुकाबले में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्रयागराज के खिलाड़ी मयंक दुबे को मुख्य अतिथि विजय यादव द्वारा मैन ऑफ द मैच चुना गया।मैच में निर्णायक की भूमिका रोशन सिंह और प्रदीप शर्मा ने निभाई। लाइव व ऑफ स्कोरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु कुशवाहा, शुभम जायसवाल और अक्षय पटेल ने संभाली, जबकि कमेंट्री संकट मोचन झा और राजू यादव ने की। इस दौरान जिला प्रवक्ता सपा रमेश वर्मा, जिला फुटबाल एसोसिएशन सोनभद्र के सचिव मुजफ्फर अली, अवर अभियंता ई. शेषनाथ यादव, भूतपूर्व सैनिक प्रमोद सिंह सहित आयोजन समिति के कई सदस्य और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी


No Previous Comments found.