ओबरा में क्रिकेट का महाकुंभ: 5 अप्रैल को ट्रायल, युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका

ओबरा - सोनभद्र जनपद के उभरते क्रिकेटरों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों का ट्रायल 5 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर जिला स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जिला सोनभद्र क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अंडर-14,अंडर-16,अंडर-19,अंडर-23,सीनियर और महिला वर्ग के खिलाड़ियों के ट्रायल रविवार,5 अप्रैल 2026 को आयोजित होंगे। यह ट्रायल ओबरा में डॉ० भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में सुबह 8 बजे से शुरू होगा, जहां जिले भर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। एसोसिएशन ने सभी पंजीकृत खिलाड़ियों को समय से पहुंचने के निर्देश दिए हैं। खिलाड़ियों को सफेद टी-शर्ट और लोवर में ही मैदान पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही पहचान के लिए आधार कार्ड लाना भी जरूरी किया गया है। जिन खिलाड़ियों ने अब तक पंजीकरण रसीद जमा नहीं की है,उन्हें ट्रायल के समय रसीद साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अजीज खान ने बताया कि यह ट्रायल खिलाड़ियों के चयन का अहम आधार होगा और बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे जिला और राज्य स्तर पर खेलने का अवसर मिल सकता है। ऐसे में जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए यह एक सुनहरा मौका है, जहां वे अपनी प्रतिभा दिखाकर बड़े मंच की ओर कदम बढ़ा सकते हैं। क्रिकेट के इस महाअभियान को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.