नारी शक्ति को मिलेगा नया बल
ओबरा : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में आज नारी सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए नारी शक्ति बंधन अधिनियम पर एक प्रभावशाली संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पुष्पा सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें छात्राओं को उनके अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुष्पा सिंह ने कहा कि नारी शक्ति बंधन अधिनियम देश में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने छात्राओं को जानकारी देते हुए बताया कि इस कानून के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटों का आरक्षण सुनिश्चित किया गया है, जो राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करेगा। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और इस अधिनियम को मजबूती से लागू कराने के लिए अपनी आवाज बुलंद करें।
वहीं, निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष रंजना सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सदियों से महिलाएं समाज का अभिन्न हिस्सा रही हैं, लेकिन निर्णय लेने की प्रक्रिया में उन्हें अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम उस असंतुलन को दूर करने का एक सशक्त माध्यम है। जब महिलाएं राजनीति में आगे बढ़ेंगी, तो वे शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से उठा सकेंगी, जिससे समाज में समानता और समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा।
संगोष्ठी के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए विषय पर अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं।
इस अवसर पर डॉ. विभा पाण्डेय, डॉ. बीना यादव, डॉ. वैशाली शुक्ला, डॉ. संघमित्रा सहित महाविद्यालय का शिक्षण स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी

No Previous Comments found.