ओबरा में बाबा बर्फानी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, बर्फ की शिलाओं से सजा अद्भुत स्वरूप
ओबरा : सोनभद्र। सावन के पावन माह में ओबरा में आस्था और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। बाबा बर्फानी सेवा समिति की ओर से लगातार 14वें वर्ष आयोजित बाबा बर्फानी के भव्य दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बर्फ की सैकड़ों शिलाओं से तैयार बाबा बर्फानी का मनमोहक स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।
बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। जैसे-जैसे समय बीतता गया, दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लंबी होती गई। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल की निगरानी में श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराया जा रहा है।
भक्ति गीतों और झांकी से भक्तिमय हुआ माहौल : आयोजन स्थल पर दोपहर 2 बजे से मनमोहक झांकी और देवी जागरण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। भक्ति गीतों और धार्मिक प्रस्तुतियों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का भी आनंद लिया। 14 वर्षों से चली आ रही परंपरा बाबा बर्फानी सेवा समिति पिछले 14 वर्षों से लगातार इस धार्मिक आयोजन को भव्य रूप देती आ रही है। हर वर्ष बर्फ से बाबा बर्फानी का स्वरूप तैयार किया जाता है, जिसे देखने और दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु ओबरा पहुंचते हैं आयोजन में नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी, एसडीएम ओबरा रवि पासवान, संरक्षक ईश्वरी नारायण सिंह, फौजदार सिंह, अध्यक्ष प्रतिनिधि श्रवण कुमार, समिति अध्यक्ष सतीश पांडेय, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गप्पू, समीर माली, अभिषेक सेठ ,अरविंद सोनी ,सहित समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। खास बात: बर्फ की सैकड़ों शिलाओं से सजे बाबा बर्फानी के दिव्य स्वरूप ने श्रद्धालुओं को खासा आकर्षित किया। आयोजन स्थल पर हर तरफ 'हर हर महादेव' के जयकारों से माहौल गूंजता रहा।
रिपोर्ट- कुम्धज चौधरी
No Previous Comments found.