ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की ओबरा तहसील स्तरीय बैठक संपन्न, जिला सम्मेलन की तैयारियों पर मंथन।

ओबरा/सोनभद्र। ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों के प्रमुख संगठन ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) की ओबरा तहसील इकाई की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को नगर स्थित किड्स केयर इंग्लिश स्कूल परिसर में तहसील अध्यक्ष अमरदीप सिंह के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, पत्रकार हितों और आगामी दिसंबर माह में प्रस्तावित जिला सम्मेलन को भव्य बनाने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष मनमोहन शुक्ला ने कहा कि दिसंबर माह में सोनभद्र में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का जिला सम्मेलन प्रस्तावित है। सम्मेलन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए तहसील स्तर से अभी से तैयारियां शुरू करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ओबरा तहसील क्षेत्र के सभी ग्रामीण अंचलों से पत्रकार साथियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि संगठन की एकजुटता और मजबूती का संदेश पूरे जिले में जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकार विषम परिस्थितियों के बीच निडरता और निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में पत्रकारों की समस्याओं, सुरक्षा, सम्मान और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाया जाना जरूरी है।


बैठक के दौरान संगठन को और अधिक चुस्त-दुरुस्त, सक्रिय एवं अनुशासित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला संरक्षक सत्यपाल सिंह की मौजूदगी में ओबरा तहसील के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं उपस्थित पत्रकार साथियों को संगठन के आधिकारिक परिचय पत्र (आईडी कार्ड) वितरित किए गए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और एकजुटता बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन पत्रकारों के हितों और अधिकारों को लेकर लगातार प्रयासरत है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पत्रकारों को आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ कार्य करना होगा। किड्स केयर इंग्लिश स्कूल में आयोजित बैठक में ओबरा तहसील क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों और संगठन के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन की मजबूती, पत्रकार हितों की रक्षा और आगामी जिला सम्मेलन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।


रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.