पूर्व मंत्री राज नारायण बिंद बोले- अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनी तो पीडीए समाज को मिलेगा योजनाओं का पूरा लाभ
सोनभद्र। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने जनपद सोनभद्र में सियासी गतिविधियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र 402 ओबरा के करगरा में समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं पूर्व मंत्री राज नारायण बिंद ने कहा कि समाजवादी पार्टी बिंद, निषाद, केवट और मल्लाह समाज की अपनी पार्टी है। उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव पीडीए समाज के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनने पर बिंद, निषाद, मल्लाह, केवट समेत पीडीए समाज को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
राज नारायण बिंद ने क्षेत्र में विद्युत कटौती का मुद्दा भी उठाया और सरकार बनने पर क्षेत्र को विद्युत कटौती से राहत दिलाने का दावा किया। साथ ही पिछड़े और वंचित वर्गों के लोगों को अधिक संख्या में आवास उपलब्ध कराने की बात कही।
भाजपा पर लगाया पीडीए समाज के शोषण का आरोप
पूर्व मंत्री ने भाजपा सरकार पर हल्ला बोलते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में पीडीए समाज का जितना शोषण हो रहा है, उतना पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में भाजपा सरकार ने पीडीए समाज को केवल धोखा दिया है। उन्होंने सोनभद्र में माफियाओं के प्रभाव और पिछड़ों-आदिवासियों के कथित शोषण का भी आरोप लगाया। सपा नेता ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गांवों के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी, सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ाया जाएगा और क्षेत्र को माफियाओं से मुक्ति दिलाने का काम किया जाएगा।
सपा जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से मांगी एकजुटता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो पीडीए समाज को साथ लेकर चलने का काम करती है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सड़क से लेकर सदन तक पीडीए समाज की आवाज उठाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से गांव-गांव पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने तथा पीडीए समाज को एकजुट करने का आह्वान किया। ओबरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुनील गौड़ एवं डॉ. रवि गौड़ ने कहा कि आदिवासियों और पिछड़ों के सम्मान की बात करने वाली पार्टी समाजवादी पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में सपा प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए जुट जाने की अपील की। जन पंचायत में जुटे कार्यकर्ता, चुनावी तैयारियों का दिखा असर। पीडीए जन पंचायत के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में रविंद्र निषाद, छोटेलाल निषाद, अशोक गुप्ता, मिश्री निषाद, पुनीत निषाद, विक्रम निषाद, बाबूलाल निषाद, नवाब निषाद, लल्लन निषाद, रविंद्र भोला निषाद, प्रभु निषाद, कुंज बिहारी निषाद, रामकिशन, परमेश्वर यादव, भगवान निषाद, होरीलाल निषाद, रमेश यादव, बल्लू निषाद, लालू निषाद, रामदुलारे भारती, राम सजीवन गुप्ता, जय श्री शर्मा, बीडीसी रामलाल गुप्ता, कमलेश गुप्ता, मेवा लाल गुप्ता और श्रीराम पटेल समेत दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। सपा की इस जन पंचायत को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पीडीए वोट बैंक को साधने और ओबरा विधानसभा क्षेत्र में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी
No Previous Comments found.