ग्रामीण पत्रकारों की मांगों को लेकर प्रभारी मंत्री से मिले पत्रकार, 6 सूत्री ज्ञापन सौंपा
सोनभद्र। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को प्रदेश सरकार के प्रभारी राज्य मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं और कल्याण से जुड़ा छह सूत्री मांग पत्र सौंपकर शासन स्तर से ठोस पहल की मांग की गई।पत्रकारों ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार सीमित संसाधनों के बावजूद गांव-गांव तक शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और आमजन की समस्याओं को समाचारों के माध्यम से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे में पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रभावी व्यवस्था जरूरी है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें
जिला मुख्यालय पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के लिए कार्यालय भवन उपलब्ध कराया जाए। ग्रामीण पत्रकारों और उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना/कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ दिया जाए। समाचार संकलन के लिए आवागमन करने वाले ग्रामीण पत्रकारों को टोल टैक्स में छूट दी जाए। ग्रामीण पत्रकारों को बीमा योजना में शामिल करने के साथ 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन का लाभ दिया जाए। पत्रकारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने से पहले राजपत्रित अधिकारी से जांच की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। तहसील स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नियमित पत्रकार बैठक आयोजित कर तहसील अध्यक्षों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कैशलेस चिकित्सा और कार्यालय भवन पर मंत्री ने दिया आश्वासन
ज्ञापन लेने के बाद प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने पत्रकारों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि पत्रकारों के लिए कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था के संबंध में शासन की ओर से घोषणा की जा चुकी है और इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र के माध्यम से अवगत भी कराया गया है।उन्होंने संगठन की गतिविधियों और बैठकों के लिए कार्यालय भवन उपलब्ध कराने की दिशा में जल्द प्रयास किए जाने का आश्वासन भी दिया। मंत्री के आश्वासन पर पत्रकारों ने उनका आभार जताया।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार लोकतंत्र की जमीनी आवाज को मजबूती देने का काम करते हैं। जनहित के मुद्दों को निर्भीकता से उठाने वाले पत्रकारों को सम्मान, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठन की मांगों का उद्देश्य ग्रामीण पत्रकारिता को मजबूत करना और पत्रकारों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण तैयार करना है।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री प्रदीप कुमार पांडेय, जिला उपाध्यक्ष सेराज अहमद, राम कुमार गुप्ता, अवधेश कुमार गुप्ता, रोहित तिवारी, रामकेश यादव समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि प्रभारी मंत्री के आश्वासन के बाद मांगों के समाधान की दिशा में शीघ्र ठोस कार्रवाई होगी और ग्रामीण पत्रकारों को शासन स्तर से सम्मान, सुरक्षा एवं सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी
No Previous Comments found.