ओवरईटिंग से चाहते हैं बचना? अपनाएं ये 6 असरदार उपाय, वजन और सेहत दोनों रहेंगे कंट्रोल में

आज की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी में हम कई बार अपनी भूख से ज्यादा खा लेते हैं और फिर इसका खामियाजा हमारे स्वास्थ्य को भुगतना पड़ता है। जरूरत से ज्यादा खाना यानी ओवरईटिंग न सिर्फ मोटापा बढ़ाता है बल्कि पेट, लिवर, दिल और मानसिक स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक असर डालता है। ऐसे में ओवरईटिंग को कंट्रोल करना जरूरी हो जाता है। यहां हम बता रहे हैं कुछ आसान उपाय जिन्हें अपनाकर आप इस आदत से छुटकारा पा सकते हैं और हेल्दी लाइफस्टाइल की ओर कदम बढ़ा सकते हैं।

1. खाने का समय तय करें

अगर आप तय समय पर खाना खाएंगे तो आपका शरीर एक नियमित रूटीन में ढल जाएगा। दिन में दो बार संतुलित भोजन और तीन बार हल्का नाश्ता लेना सेहत के लिए बेहतर होता है।

2. धीरे-धीरे और चबाकर खाएं

खाना खाते समय जल्दबाज़ी न करें। धीरे-धीरे और अच्छे से चबाकर खाना आपके पाचन को दुरुस्त करता है और आपको जल्दी भूख भी नहीं लगती। इससे आप बिना जरूरत के अतिरिक्त भोजन करने से बचते हैं।

3. थाली में पहले कम खाना लें

खुद को ओवरईटिंग से बचाने के लिए हमेशा प्लेट में पहले कम खाना लें। अगर बाद में भूख लगे तो और ले सकते हैं, लेकिन शुरू से थाली भर लेने से मन न होते हुए भी खाना खत्म करने की आदत लग जाती है।

4. खाने के समय ध्यान भटकाने से बचें

टीवी देखते हुए या मोबाइल चलाते हुए खाना खाने से आप अनजाने में ज्यादा खा सकते हैं। खाने के समय पूरा ध्यान अपने भोजन पर दें ताकि न सिर्फ स्वाद लें बल्कि खाने की मात्रा भी नियंत्रित रहे।

5. खाने से पहले पानी पिएं

भूख और प्यास को कई बार लोग पहचान नहीं पाते। इसलिए जब भी भूख लगे, एक गिलास पानी पीने की आदत डालें। खासतौर पर भोजन से पहले दो गिलास पानी पीना ओवरईटिंग रोकने में मदद करता है।

6. हेल्दी स्नैक्स को बनाएं अपनी डाइट का हिस्सा

अगर बार-बार भूख लगती है तो जंक फूड की बजाय हेल्दी स्नैक्स जैसे फल, नट्स या अंकुरित अनाज रखें। ये आपकी भूख को शांत करेंगे और वजन भी नियंत्रित रहेगा।

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.