पचपदरा रिफाइनरी में भीषण आग! PM मोदी के उद्घाटन से ठीक पहले बड़ा हादसा
राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। पचपदरा रिफाइनरी की CDU (Crude Distillation Unit) में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि काले धुएं के विशाल गुबार कई किलोमीटर दूर से आसमान में देखे गए। यह हादसा उस वक्त हुआ है जब कल, यानी 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस रिफाइनरी का भव्य उद्घाटन करने वाले हैं।
आग की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास तुरंत मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए CDU यूनिट और उसके आसपास के पूरे इलाके को तुरंत खाली करवा दिया गया है। बालोतरा और आसपास के क्षेत्रों से दर्जनों दमकल गाड़ियां मौके पर आग बुझाने के लिए संघर्ष कर रही हैं।
कल होने वाला उद्घाटन समारोह राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक आर्थिक मील का पत्थर माना जा रहा है। मारवाड़ के इतिहास का सबसे बड़ा 'डोम' (सभा स्थल) इस कार्यक्रम के लिए तैयार किया गया है। भाजपा नेताओं का दावा है कि इस सभा में 2 लाख से अधिक लोग शामिल होंगे। लेकिन, ऐन वक्त पर हुई इस आगजनी ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या कार्यक्रम तय समय पर होगा या इसे टाला जाएगा। फिलहाल, आधिकारिक बयान का इंतज़ार है। 21 अप्रैल को आखातीज है, जिसे मारवाड़ में शादियों का सबसे बड़ा दिन माना जाता है। ऐसे में एक तरफ आग का संकट और दूसरी तरफ शादियों के कारण भीड़ जुटाना बीजेपी और स्थानीय प्रशासन के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।
रिफाइनरी की आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन राजनीति के गलियारों में हलचल तेज़ है। एक तरफ आखातीज का सावा और दूसरी तरफ यह भीषण दुर्घटना मोदी की इस महा-सभा पर अब संकट के बादल मंडरा रहे हैं।


No Previous Comments found.