पहलगाम आतंकी हमला: NIA की पूरक चार्जशीट में हाफिज सईद आरोपी, लश्कर पर गंभीर आरोप

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पहलगाम आतंकी हमले के मामले में अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए एक बड़ी पूरक चार्जशीट दाखिल की है। इसमें पाकिस्तान में बैठे लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद को भी आरोपी बनाया गया है। एजेंसी का आरोप है कि उसने भारत के खिलाफ युद्ध जैसी साजिश रचने और सीमा पार से आतंकी नेटवर्क को सक्रिय रूप से संचालित करने में अहम भूमिका निभाई।

एनआईए के अनुसार, यह कार्रवाई केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि लश्कर-ए-तैयबा और उसके सहयोगी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) की गतिविधियों को भी इसमें शामिल किया गया है। जांच एजेंसी ने यह भी दावा किया है कि सईद ने भारत में आतंकी गतिविधियों की योजना बनाने और उन्हें समर्थन देने में नेतृत्व स्तर पर भूमिका निभाई।

एजेंसी ने अपनी चार्जशीट में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 और यूएपीए (UAPA), 1967 की कई धाराओं के तहत गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनमें भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने और आतंकवाद को बढ़ावा देने जैसे मामले शामिल हैं।

यह पूरक चार्जशीट पहले दाखिल की गई विस्तृत जांच रिपोर्ट का विस्तार है, जिसमें नए सबूत, तकनीकी इनपुट और सीमा पार साजिश से जुड़े पहलुओं को भी जोड़ा गया है। जांच में पाकिस्तान आधारित नेटवर्क और हमले की योजना से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासों का भी उल्लेख किया गया है।

इस मामले में पहले ही सुरक्षा बलों द्वारा कई कार्रवाई की जा चुकी है, जिसमें आतंकी ठिकानों पर जवाबी ऑपरेशन भी शामिल रहा है। अब इस चार्जशीट के बाद कानूनी प्रक्रिया को और मजबूती मिलने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.