'दुनिया के सामने बेनकाब हुआ पाकिस्तान'-CM योगी...

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद सेना के शौर्य को सलामी देने के लिए बुधवार को अपने सरकारी आवास से भारत शौर्य तिरंगा यात्रा को रवाना किया। इस दौरान सीएम योगी ने हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जवानों, पूर्व सैनिकों, नौजवानों का अभिनंदन किया। सीएम ने कहा कि पूरा देश भारतीय सेना के शौर्य व पराक्रम को सैल्यूट करते हुए बहादुर जवानों का अभिनंदन करने के लिए उतावला दिखाई दे रहा है। 

आतंकवाद पाकिस्तान को निगल जाएगा-सीएम योगी

इस दौरान सीएम योगी ने पाकिस्तान पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि एक दिन आतंकवाद पाकिस्तान को निगल जाएगा। जब चुनौती हो तो धैर्य और एकता ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी होती है। इस माहौल में जवानों के कारण भारत ने पाकिस्तान के हौसले पस्त किए। दुनिया ने पाकिस्तान व उसके आकाओं के बेशर्मी भरे उस चेहरे को भी देखा, जिसमें आतंकियों के जनाजे में वहां के नेता व सैन्य अधिकारी भी शामिल हुए। यह चीजें दिखाती हैं कि पाकिस्तान विफल राष्ट्र है और 70-75 वर्षों में उसने केवल आतंकवाद के बीज बोए हैं। पाकिस्तान ने अपनी विफलता की कहानी ही दुनिया को बताई है। आतंकवाद को दिए जा रहे प्रश्रय इस बात को साबित करते हैं कि आतंकवाद एक दिन पाकिस्तान को भी निगल देगा।

सेना ने दिया संदेश- छेड़ेंगे नहीं, लेकिन छेड़ने वालों को छोड़ेंगे भी नहीं-

सीएम योगी ने कहा कि पाकिस्तान परस्त आतंकियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में वीभत्स व बर्बर घटना को अंजाम दिया था, जिसकी निंदा देश-दुनिया ने की थी, लेकिन आतंकवाद का पोषक पाकिस्तान व उसके आका मौन रहे। भारत की आन-मान-शान की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हमारी सरकार ने सारे प्रमाण दिए, उसके बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो अंततः 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया गया। पहले ही दिन 100 से अधिक आतंकियों व प्रत्यक्ष रूप से आतंकवाद के विषबेल को पालने-पोसने में योगदान देने वाले उनके परिवार से जुड़े लोगों को वीभत्स कृत्य की सजा दी गई। सभी ने भारतीय सेना के पराक्रम व शौर्य का लोहा माना। पाकिस्तान की हिमाकत का थल, वायु व नौसेना के बहादुर जवानों ने मजबूती से जवाब दिया और दुनिया को भी संदेश दिया कि हम छेड़ेंगे नहीं, लेकिन छेड़ने वालों को छोड़ेंगे नहीं।

... फिर दुनिया की कोई ताकत भारत के सामने टिक नहीं पाएगी-

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी का पहले दिन से ही संकल्प रहा है कि जब हम नए और विकसित भारत की बात करते हैं तो हमारा ध्येय राष्ट्र प्रथम होना चाहिए। विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए आवश्यक है कि हम राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ काम करें। जब राष्ट्र प्रथम का भाव 140 करोड़ भारतीयों की प्राथमिकता होगी तो अपने-अपने क्षेत्र में कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए हर भारतवासी लगेगा, फिर दुनिया की कोई ताकत भारत के सामने टिक नहीं पाएगी। सीएम ने पीएम मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने पूरे देश को एकजुट रखा और पंजाब के आदमपुर में जाकर बहादुर जवानों के हौसलों को बढ़ाया।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.