पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल सस्ता, भारत में फिर बढ़े दाम!
ईरान-अमेरिका तनाव और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव के बीच पड़ोसी देश पाकिस्तान से राहत भरी खबर सामने आई है। वहां सरकार ने लगातार दूसरे हफ्ते पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती कर आम जनता को बड़ी राहत दी है। दूसरी ओर भारत में पेट्रोल-डीजल के दामों में फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे आम लोगों की चिंता बढ़ गई है।
ईरान-अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर लगातार दबाव बना हुआ है। इसके बावजूद पाकिस्तान सरकार ने शुक्रवार को पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में कटौती का ऐलान किया। नई दरों के मुताबिक पाकिस्तान में पेट्रोल 6 रुपये प्रति लीटर सस्ता होकर 403.78 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि हाई-स्पीड डीजल की कीमत में 6.80 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है। इसके बाद डीजल की नई कीमत 402.78 रुपये प्रति लीटर तय की गई है। नई कीमतें 23 मई से लागू कर दी गई हैं।
यह लगातार दूसरा सप्ताह है जब पाकिस्तान सरकार ने ईंधन के दाम घटाए हैं। इससे पहले भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 5-5 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी। पाकिस्तान में पेट्रोल का उपयोग मुख्य रूप से निजी वाहनों, बाइक, रिक्शा और छोटे वाहनों में होता है, जबकि हाई-स्पीड डीजल भारी परिवहन और बड़े जनरेटरों में इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में कीमतों में कटौती का सीधा असर आम जनता और परिवहन क्षेत्र पर पड़ेगा।
हालांकि, राहत के बावजूद पाकिस्तान में पिछले कुछ महीनों के दौरान पेट्रोल-डीजल की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखने को मिली थी। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच तनाव बढ़ने के बाद मार्च और अप्रैल में पाकिस्तान सरकार ने कई बार ईंधन की कीमतों में भारी इजाफा किया था। मार्च में पेट्रोल और डीजल के दाम करीब 55 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए गए थे, जबकि अप्रैल में पेट्रोल की कीमतों में 43 प्रतिशत और डीजल में 55 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की घोषणा हुई थी।
दरअसल, फरवरी से जारी भू-राजनीतिक तनाव के बाद पाकिस्तान सरकार हर शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों की समीक्षा कर रही है। इसी कारण वहां ईंधन की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। वहीं भारत की बात करें तो यहां कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर दिखाई देने लगा है। हाल के दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों में तीन बार बढ़ोतरी की जा चुकी है। शनिवार को भी पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया गया। इसके अलावा सीएनजी के दाम भी 1 रुपये बढ़ा दिए गए हैं।
वैश्विक हालात और मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अब सीधे आम आदमी की जेब पर पड़ने लगा है। पाकिस्तान जहां लगातार दूसरी बार ईंधन कीमतों में राहत देकर जनता को सुकून देने की कोशिश कर रहा है, वहीं भारत में बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतें किस दिशा में जाती हैं, इस पर दोनों देशों की जनता की नजरें टिकी रहेंगी।

No Previous Comments found.