पाकुड़ जिले के तीन कबड्डी खिलाड़ियों का झारखण्ड टीम में चयन.

पाकुड़ : पाकुड़ जिला के लिए यह अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है कि जिले के तीन प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी बिशाल सिंह, अभिजीत कुमार एवं तुषार पहाड़िया का चयन 19वीं सीनियर राष्ट्रीय सर्किल कबड्डी चैंपियनशिप में भाग लेने हेतु झारखण्ड राज्य टीम में किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 10 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक उत्तराखंड के बाजपुर शहर में आयोजित की जाएगी, खिलाड़ियों के इस चयन से जिले में खेल प्रतिभाओं के निरंतर विकास, बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था एवं जिला प्रशासन द्वारा खेल को प्रोत्साहित करने हेतु किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है।

उपायुक्त एवं जिला क्रीड़ा पदाधिकारी ने दी शुभकामनाएं.

इस उपलब्धि पर पाकुड़ उपायुक्त मनीष कुमार एवं जिला क्रीड़ा पदाधिकारी, राहुल कुमार ने चयनित खिलाड़ियों बिशाल सिंह, अभिजीत कुमार एवं तुषार पहाड़िया को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उपायुक्त ने कहा कि पाकुड़ जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले एवं राज्य का नाम रोशन करेंगे।

खेल अधोसंरचना को मिल रहा बढ़ावा.

जिला क्रीड़ा पदाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा खेल अधोसंरचना के विकास, प्रशिक्षण सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पाकुड़ जिले से और भी खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे.

रिपोर्टर : पंकज भगत 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.