कलश स्थापना के साथ चैती नवरात्र शुरू
पाकुड़ : कलश स्थापना के साथ चैती नवरात्र का शुभारंभ हो गया. इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ माता रानी की उपासना शुरू की. रामनवमी के पावन अवसर पर मवेशी हाट स्थित बजरंगबली मंदिर कमिटी द्वारा भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई. मंदिर परिसर से शुरू हुई यह यात्रा नगर भ्रमण करते हुए स्वर्गीय विभूति भूषण छठ पोखर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में पवित्र जल भरा गया. इसके बाद श्रद्धालु पुनः मंदिर लौटे और विधिवत कलश स्थापना की गई. कलश स्थापना के साथ ही चैती दुर्गा पूजा का भी शुभारंभ हो गया. पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है. श्रद्धालु सुबह-शाम मंदिरों में पहुंचकर माता रानी की पूजा-अर्चना कर रहे हैं और सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं. मौके पर बीडीओ दिलीप टुडू, सीओ मनोज कुमार, थाना प्रभारी विनय कुमार सहित मंदिर कमिटी के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
रिपोर्टर : सुनील कुमार
No Previous Comments found.