स्वास्तिका रानी का राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन; उपायुक्त ने किया सम्मानित
पाकुड़ : पाकुड़ जिले की प्रतिभाशाली छात्रा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवक स्वास्तिका रानी ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं राज्य का गौरव बढ़ाया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा समाहरणालय में उन्हें सम्मानित किया गया, पाकुड़ बी.एड कॉलेज की स्वास्तिका रानी छात्रा हैं, जो सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका से संबद्ध है। हाल ही में उनका चयन राष्ट्रीय एकता शिविर के लिए हुआ था, जिसका आयोजन 10 से 16 मार्च तक नियोटिया विश्वविद्यालय, डायमंड हार्बर, कोलकाता में किया गया। इस शिविर में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया, शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्वास्तिका रानी ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निबंध लेखन प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। साथ ही ‘सिविक सेंस’ विषय पर आयोजित रील मेकिंग प्रतियोगिता में भी तृतीय स्थान हासिल कर दोहरी सफलता अर्जित की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विकसित भारत युवा नेता संवाद 2026 (VBYLD 26) में भी भाग लिया, जिसका आयोजन भारत मंडपम, नई दिल्ली में किया गया। इस कार्यक्रम में देशभर से चयनित विचारों में से केवल 5 प्रमुख आइडिया माननीय प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिनमें स्वास्तिका रानी के 3 विचार शामिल रहे, जो उनकी असाधारण सोच एवं नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि उनके ये विचार केंद्रीय बजट 2026 में भी स्थान प्राप्त कर चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान स्वास्तिका रानी को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर भी मिला, पाकुड़ उपायुक्त मनीष कुमार ने स्वास्तिका रानी को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि स्वास्तिका जैसी प्रतिभाएं समाज एवं देश के लिए प्रेरणा स्रोत होती हैं। उपायुक्त ने आगे कहा कि स्वास्तिका रानी ने अपनी मेहनत, लगन एवं समर्पण से यह सिद्ध किया है कि छोटे जिलों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।उनकी सफलता से जिले के अन्य युवा भी प्रेरित होंगे और आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्वास्तिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन सदैव ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्तिका रानी ने अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिल रही उपलब्धियां उन्हें आगे बेहतर करने की प्रेरणा देती हैं और वे भविष्य में भी समाज एवं देश के लिए सकारात्मक योगदान देने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेंगी.
रिपोर्टर : अभिषेक तिवारी


No Previous Comments found.