उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमड़ापाड़ा का किया निरीक्षण
पाकुड़ : उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अमड़ापाड़ा प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अमड़ापाड़ा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया, उपायुक्त ने ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग), पंजीकरण काउंटर एवं चिकित्सकों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों के समय पर पंजीकरण, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने दवा वितरण केंद्र का भी अवलोकन किया तथा उपलब्ध दवाओं की स्थिति की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों द्वारा बताया गया कि आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी प्रकार की कमी न हो। इसके अलावा उपायुक्त ने आपातकालीन वार्ड, प्रसुति गृह, स्टाफ ड्यूटी कक्ष, मदर केयर रूम, आईसीटीसी प्रयोगशाला एवं कोल्ड चेन कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रसूता महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी रूप से संचालित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमजन के लिए स्वास्थ्य सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए यहां सभी मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ एवं सुचारु रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल प्रबंधन में संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हों, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
संवाददाता : अभिषेक तिवारी


No Previous Comments found.