15 से 19 मई तक काला बिल्ला लगाकर विरोध, 20 मई को बंद रहेंगी मेडिकल दुकानें

हिरणपुर - कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की ओर से हिरणपुर में मंगलवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया गया कि 15 से 19 तक जिले के दवा दुकानदार काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे. वहीं 20 मई को देशव्यापी हड़ताल के तहत सभी मेडिकल दुकानों को बंद रखा जाएगा. कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. संचय बर्धन ने बताया कि एआईओसीडी एवं जेसीडीए के संयुक्त निर्देश पर ऑनलाइन दवा बिक्री, नकली दवाओं की रोकथाम तथा कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी डिस्काउंट के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि 20 मई को जिले की सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी. ऐसे में आम लोगों से अपील की गई है कि जरूरत की आपातकालीन दवाएं पहले से खरीद कर रख लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो. एसोसिएशन ने बताया कि आंदोलन के दौरान सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने, बाजार में बिक रही नकली दवाओं पर सख्त कार्रवाई करने तथा कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा दिए जा रहे भारी छूट को बंद कराने की मांग की जाएगी. मौके पर दवा दुकानदार भुजंग भूषण दत्ता सहित अन्य मौजूद थे.

रिपोर्टर - सुनील कुमार

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.