अभियान चलाकर अवैध खनन एवं परिवहन पर लगाया जाए सख्त अंकुश: उपायुक्त

पाकुड़ - समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध कोयला, पत्थर एवं बालू खनन, अवैध भंडारण तथा अवैध खनिज परिवहन की रोकथाम हेतु चल रहे अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई, बैठक के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार व पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सतत एवं सख्त अभियानात्मक कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के मामलों में जिला प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में जिला खनन पदाधिकारी, पाकुड़ द्वारा जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 99.01 प्रतिशत खनन राजस्व की वसूली की गई। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित 1770.12 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 31 जनवरी 2026 तक 1712.5 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है, जो लक्ष्य का 96.74 प्रतिशत है। इस पर संतोष व्यक्त करते हुए उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि पत्थर खनिज के क्षेत्र में राजस्व वसूली को और अधिक सुदृढ़ करते हुए लक्ष्य से अधिक समाहरण सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, खनन निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अवैध खनन एवं खनिज परिवहन से जुड़े सभी मामलों में अभियान चलाकर प्राथमिकी दर्ज करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, उन्होंने अमड़ापाड़ा एवं महेशपुर क्षेत्र में लगातार विशेष अभियान संचालित कर अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम हेतु विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। थाना प्रभारी, सिमलौंग को भी विशेष अभियान चलाकर कोयला एवं बालू के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया, बैठक में उपायुक्त ने अपर समाहर्ता, जिला खनन पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जिन खनन पट्टों की अवधि समाप्त हो चुकी है, उनकी जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित क्षेत्रों में अवैध खनन कार्य संचालित न हो रहा हो। यदि ऐसा पाया जाता है तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया गया कि मालपहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत चेंगाडांगा क्षेत्र से होकर गुजरने वाले खनिज लदे वाहनों की जांच हेतु आगामी 10 फरवरी तक उपयुक्त स्थान पर नया चेकनाका स्थापित किया जाए, उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से श्रम अधीक्षक, संबंधित अंचलाधिकारी, खान निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि जिले में संचालित बंगला ईंट भट्ठों की संयुक्त जांच की जाए तथा अवैध कोयला उपयोग अथवा बाल श्रम पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी, एसडीपीओ महेशपुर, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, खनन निरीक्षक एवं सभी थाना प्रभारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

संवाददाता - अभिषेक तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.