नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षात्मक बैठक.

पाकुड़ - नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मनीष कुमार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न कोषांगों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की, बैठक में निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्वाचन के लिए गठित विभिन्न कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं सुचारु निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी नोडल पदाधिकारियों को अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न न हो। उपायुक्त ने उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी सहायक निर्वाची निबंधन पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी कोषांगों को एक्टिव मोड में रहकर अपने-अपने कार्यों का प्रभावी ढंग से निष्पादन करने पर बल दिया। बैठक में उपायुक्त ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र एवं समाहरणालय परिसर के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। उन्होंने जानकारी दी कि बाजार समिति परिसर में ही मतदान कर्मियों के लिए बज्रगृह, डिस्पैच एवं रिसीविंग सेंटर तथा मतगणना केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा उपायुक्त ने वाहन कोषांग के नोडल पदाधिकारी को निर्वाचन कार्य हेतु आवश्यक वाहनों का समुचित आकलन करते हुए उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में संलग्न सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं.

संवाददाता - अभिषेक तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.