हाई बीम लाइट एवं मल्टी टोन हॉर्न के विरुद्ध सघन वाहन जांच अभियान

पाकुड़ : पाकुड़ परिवहन आयुक्त, परिवहन विभाग, झारखण्ड, रांची के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पाकुड़ में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सड़कों पर परिचालित छोटे-बड़े निजी एवं व्यावसायिक वाहनों में अवैध रूप से लगाए गए हाई बीम लाइट, मल्टी टोन हॉर्न, अतिरिक्त लोहे के एंगल तथा रिफ्लेक्टिव टेप की सघन जांच की गई। दिनांक 13 फरवरी 2026 को संध्या 6:30 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पाकुड़–पश्चिम बंगाल बायपास रोड, मुफस्सिल क्षेत्र एवं पाकुड़ थाना मुख्य मार्ग पर औचक जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मिथिलेश कुमार चौधरी एवं मुख्यालय डीएसपी जितेंद्र कुमार द्वारा किया गया। जांच के दौरान लगभग 50–100 वाहनों की जांच की गई, जिसमें मल्टी टोन हॉर्न, हाई बीम लाइट, रिफ्लेक्टिव टेप एवं आवश्यक वाहन कागजातों की पड़ताल की गई। इस क्रम में लगभग 50–60 वाहनों के कागजात अपूर्ण पाए गए तथा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं का उल्लंघन करने पर कुल ₹3,35,650 (तीन लाख पैंतीस हजार छह सौ पचास) का जुर्माना लगाया गया, जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यातायात नियमों का पालन प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। हाई बीम लाइट, मल्टी टोन हॉर्न तथा वाहनों में अवैध रूप से किए गए संशोधन दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनते हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने सभी वाहन चालकों से नियमों के अनुरूप वाहन संचालन करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार तरीके से वाहन चलाने की अपील की। अभियान के दौरान पकड़े गए वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए नियमों का पालन करने हेतु जागरूक भी किया गया, जांच अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी, मुख्यालय डीएसपी जितेंद्र कुमार, मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, अमित कुमार राम, अजहद अंसारी सहित अन्य पुलिस बल उपस्थित रहे.

रिपोर्टर : अभिषेक तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.