समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित संस्थाओं का डीसी व एसपी ने किया निरीक्षण.
पाकुड़ - उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी द्वारा समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान केंद्र की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं एवं अभिलेखों के संधारण की विस्तृत समीक्षा की गई,
सखी वन स्टॉप सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा
उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने सर्वप्रथम सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण करते हुए केंद्र प्रभारी शमा परवीन से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्हें अवगत कराया गया कि केंद्र में महिलाओं को एक ही छत के नीचे कानूनी सहायता, पुलिस सहायता, चिकित्सीय सुविधा एवं अल्पकालीन आश्रय उपलब्ध कराया जाता है। केंद्र का मुख्य उद्देश्य घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को त्वरित एवं समग्र सहायता प्रदान करना है।
दस्तावेजों के संधारण एवं सेवाओं में सुधार के निर्देश
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परामर्श से संबंधित दस्तावेजों के समुचित एवं व्यवस्थित संधारण का निर्देश दिया। केंद्र में कार्यरत सभी महिला कर्मियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। केंद्र प्रभारी द्वारा बताया गया कि केंद्र में आने वाले अधिकांश मामले घरेलू हिंसा से संबंधित होते हैं, जिनमें परामर्श के माध्यम से सुलह का प्रयास किया जाता है। साथ ही, केंद्र में महिला हेल्पलाइन से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि वन स्टॉप सेंटर से संबंधित सभी आधारभूत एवं आवश्यक सुविधाओं को यथाशीघ्र पूर्ण किया जाए।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि केंद्र में कार्यरत सभी कर्मियों के नाम-पट्ट (नेम प्लेट) लगाए जाएं तथा महत्वपूर्ण संपर्क नंबर—जैसे उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक, डालसा सचिव के मोबाइल नंबर—स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं। इसके अतिरिक्त केंद्र के किचन की व्यवस्था को भी दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन की प्राथमिकता: महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को त्वरित, सुरक्षित एवं सम्मानजनक सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा रहा है।अंत में उन्होंने निर्देश दिया कि केंद्र की सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाया जाए, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को समय पर सहायता मिल सके, मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे.
संवाददाता - अभिषेक तिवारी
No Previous Comments found.