निजी विद्यालयों द्वारा मनमाने शुल्क वसूली पर सख्त कार्रवाई होगी: उपायुक्त

पाकुड़ - उपायुक्त मनीष कुमार ने आज शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों एवं जिले के निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में विद्यालयों द्वारा ली जाने वाली फीस एवं अन्य शुल्कों को लेकर समीक्षा की गई, उपायुक्त मनीष कुमार ने निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार से एनुअल चार्ज, एरियर, एडमिशन फीस आदि के नाम पर अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ या दबाव नहीं बनाया जाए।उन्होंने कहा कि नए नामांकन के मामलों में भी किसी प्रकार की अवैध या अनुचित शुल्क वृद्धि पूरी तरह प्रतिबंधित है।उपायुक्त ने कहा कि यदि इस प्रकार की कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध नियमों के अनुरूप कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही अभिभावकों से अपील किया कि यदि उन्हें कहीं भी इस प्रकार की अनियमितता की जानकारी मिलती है, तो वे जिला शिक्षा कार्यालय से संपर्क करें या सीधे जिला प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बैठक में उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि सरकार द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। जिला स्तर पर गठित शुल्क निर्धारण समिति की बैठक में ही विद्यालयों की फीस संरचना तय की जाएगी तथा उसी के आधार पर उचित निर्णय लिया जाएगा।उपायुक्त ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में मनमाने तरीके से फीस वृद्धि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.

संवाददाता - अभिषेक तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.