उपायुक्त ने धरमपुर मोड़ से पाकुड़ डीसी आवास तक किए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का लिया जायजा
पाकुड़ : उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने धरमपुर मोड़ से पाकुड़ डीसी आवास तक किए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया, निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, उपायुक्त ने सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि सड़क निर्माण इस प्रकार किया जाए कि बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो तथा आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि कार्य में अनावश्यक विलंब न हो और निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए।जहां-जहां बाइपास अथवा वैकल्पिक मार्ग बनाए जा रहे हैं, वहां समुचित समतलीकरण, जल निकासी तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, उपायुक्त ने कहा कि भारी वाहनों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए सड़क की मजबूती एवं ड्रेनेज व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान सड़क के अलाइनमेंट, पेड़ों के समायोजन, लाइटिंग व्यवस्था, मीडियन तथा शहरी क्षेत्र से जुड़ने वाले हिस्सों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य केवल भौतिक संरचना नहीं, बल्कि आम जनता की सुविधा, सुरक्षा एवं समग्र विकास से सीधे जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि “हर निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण, टिकाऊ और जनहित को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके.
रिपोर्टर : अभिषेक तिवारी

No Previous Comments found.