अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत होगी कड़ी कार्रवाई.

पाकुड़ - समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक,अपर समाहर्ता,अनुमंडल पदाधिकारी,जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी,माइनिंग इंस्पेक्टर,अंचलाधिकारी,थाना प्रभारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे, बैठक में जिले में अवैध खनन,परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला खनन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 1 अप्रैल से 8 मई तक अवैध खनन से जुड़े मामलों में 22 वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें 07 मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को मेजर एवं माइनरल्स से संबंधित नियमों का गहन अध्ययन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पाकुड़ एक इंटर-स्टेट बॉर्डर जिला होने के कारण वाहनों एवं चालानों की सघन जांच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत वरीय अधिकारियों को दें तथा बिना विलंब कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने मापी एवं सर्वे कार्यों को लेकर जिला खनन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जिले में अवैध खनन के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, सभी संबंधित पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी चेकनाका की नियमित जांच करने, अवैध खनन के विरुद्ध सतत अभियान चलाने तथा अनुमंडल प्रशासन, पुलिस प्रशासन,परिवहन विभाग एवं खनन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। पाकुड़ पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि अवैध खनन के विरुद्ध दर्ज होने वाली प्राथमिकी की संख्या में कमी नहीं आनी चाहिए, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिए.

संवाददाता - अभिषेक तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.